– जुगसलाई की सड़कों पर ‘हिंदुत्व और राष्ट्रीयता’ की गूंज
Jamshedpur/Jharkhand : जुगसलाई नगर परिषद चुनाव का सियासी पारा शुक्रवार को उस वक्त सातवें आसमान पर पहुँच गया, जब प्रखर राष्ट्रवादी नेता और केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह प्रत्याशी रिंकू सिंह के समर्थन में सड़कों पर उतरे। प्रदीप मिश्र चौक से शुरू होकर जुगसलाई गुरुद्वारा तक चले इस मेगा रोड शो और पदयात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। गिरिराज सिंह ने मतदाताओं से क्रम संख्या 08, चुनाव चिह्न “ईंटें” पर मुहर लगाने की अपील करते हुए इस चुनाव को देश की सुरक्षा और अस्मिता से जोड़ दिया।

“हेमंत सोरेन कर रहे घुसपैठियों की रक्षा”-गिरिराज सिंह का सीधा हमला
अपने संबोधन में गिरिराज सिंह ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि स्व. शिबू सोरेन ने जीवन भर आदिवासियों की रक्षा की, लेकिन उनके पुत्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज घुसपैठियों को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि “नगर सुरक्षित रहेगा, तो जिला, राज्य और अंततः देश सुरक्षित रहेगा। इसलिए निकाय चुनाव को केवल स्थानीय नहीं, बल्कि राष्ट्रहित के नजरिए से देखें। रिंकू सिंह की जीत राष्ट्रीयता के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी।

“अल्पसंख्यक की परिभाषा पर हो पुनर्विचार”
केंद्रीय मंत्री ने एक विवादास्पद लेकिन गंभीर मुद्दे को हवा देते हुए कहा कि अब देश में ‘अल्पसंख्यक’ की परिभाषा पर फिर से विचार करने का समय आ गया है। उन्होंने तर्क दिया कि सिख, जैन और ईसाई समुदायों की संख्या कम हो रही है, जबकि एक विशेष समुदाय की आबादी तेजी से बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक समुदाय विशेष अल्पसंख्यक के नाम पर वास्तविक अल्पसंख्यकों (सिख, जैन, ईसाई) की हकमारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस पर संसद से सड़क तक संघर्ष होना चाहिए।

एकजुटता का आह्वान : “एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे”
रोड शो के दौरान लग रहे नारों को दोहराते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि अंग्रेजों की ‘बाँटो और राज करो’ की नीति आज भी कुछ राजनीतिक दल अपना रहे हैं। उन्होंने इंडी गठबंधन (I.N.D.I.A.) की रणनीति को ‘चालबाजी’ करार देते हुए कहा कि झामुमो और कांग्रेस ने यहाँ अलग-अलग उम्मीदवार इसलिए उतारे हैं ताकि एक विशेष वोट बैंक का ध्रुवीकरण किया जा सके। उन्होंने जनता को मंत्र दिया— “एक रहेंगे, तो सेफ रहेंगे।”
विकास का वादा : 5000 करोड़ का बजट
विकास योजनाओं पर चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मोदी सरकार ने देशभर के नगर परिषदों के लिए 5,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। उन्होंने यह भी साझा किया कि झारखंड में रेलवे के विस्तार के लिए 70,000 करोड़ रुपये की योजना पर काम चल रहा है, जिसके तहत 3,400 किलोमीटर रेल लाइन का दोहरीकरण हुआ है।
रोड शो में दिग्गजों की मौजूदगी
प्रदीप मिश्र चौक से शुरू हुआ यह रोड शो वीर कुंवर सिंह चौक, स्टेशन रोड, गौशाला चौक और नया बाजार होते हुए चौक बाजार पहुँचा, जहाँ से केंद्रीय मंत्री ने पैदल मार्च किया। इस दौरान उनके साथ प्रत्याशी रिंकू सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, देवेंद्र सिंह, अनिल मोदी, मनोज सिंह, मुरलीधर केडिया, अजय गुप्ता (विहिप) और सिख समुदाय के कई प्रबुद्ध नेता जैसे महेंद्र पाल सिंह व हरदीप सिंह शामिल रहे।



