Jamshedpur/Jharkhand : जुगसलाई नगर परिषद के चुनावी समर में अब युवाओं ने मोर्चा संभाल लिया है। मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) की ओर से आयोजित ‘युवा सम्मेलन’ में जुगसलाई के सैकड़ों युवाओं ने हिस्सा लिया और एनडीए समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह को भारी बहुमत से अध्यक्ष बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन ने यह साफ कर दिया कि जुगसलाई का युवा अब सुशासन और पारदर्शिता के पक्ष में खड़ा है।
पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां का मिला साथ, जनसंपर्क हुआ तेज
चुनावी समीकरणों में उस समय बड़ा मोड़ आया जब पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने भी रिंकू सिंह के समर्थन में क्षेत्र का दौरा किया। वहीं, प्रत्याशी रिंकू सिंह ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए स्टेशन रोड, वीर कुंवर सिंह चौक, दूबे मुहल्ला और नया बाजार जैसे व्यस्त इलाकों में डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया। इस दौरान स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
ऐतिहासिक जीत में बदलेगा युवाओं का जोश : शशांक राज
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने युवाओं को संबोधित करते हुए आह्वान किया कि जुगसलाई के सर्वांगीण विकास के लिए क्रम संख्या 08, चुनाव चिह्न “ईंटें” पर मुहर लगाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजयुमो का हर सिपाही अब घर-घर जाएगा। हमारा लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जुगसलाई के भविष्य को सुरक्षित करना है। यह जोश निश्चित रूप से एक ऐतिहासिक जीत में तब्दील होगा। भाजयुमो जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा ने कहा कि आज का युवा संगठित है और वह भ्रष्टाचार मुक्त नगर परिषद चाहता है, जिसके लिए रिंकू सिंह ही एकमात्र योग्य विकल्प हैं।
देखें झारखंड प्रभात की विशेष रिपोर्ट : क्या जुगसलाई को इस बार एक मजबूत और स्वतंत्र चेयरमैन मिलेगा, या फिर “अध्यक्षपति” की चर्चा सच साबित होगी? जनता के बीच चल रही चर्चाओं, महिला मतदाताओं की राय और प्रत्याशियों के प्रचार की हकीकत को दिखाती यह खास ग्राउंड रिपोर्ट।
दिग्गज नेताओं ने भरी हुंकार
सम्मेलन में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे और कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरी। भाजपा प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, प्रदेश कार्य समिति सदस्य मनोज सिंह और कोल्हान प्रभारी अमिताभ सेनापति ने एक स्वर में कहा कि रिंकू सिंह की जीत और जुगसलाई के विकास की गारंटी होगी।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष राजीव सिंह, जिला महामंत्री अनिल मोदी, काली शर्मा, भाजपा के जुगसलाई मंडल अध्यक्ष हनु जैन, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रकाश जोशी, तन्मय झा, विकास सिंह समेत भारी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम के समापन पर सभी युवाओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और रिंकू सिंह के ‘विज़न’ को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाते हुए उनकी जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।



