- • वीर सैनिकों को समर्पित ऐतिहासिक आयोजन, देशभक्ति से सराबोर हुआ जमशेदपुर
Jamshedpur : आज़ादी के अमृत महोत्सव की प्रेरणा से ओतप्रोत और देश के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) जमशेदपुर महानगर ने बुधवार को एक भव्य एवं ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यात्रा की शुरुआत बागबेड़ा स्थित सिद्धू-कान्हू मैदान में वीर योद्धा सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। जैसे ही शाम 4:00 बजे यात्रा की शुरुआत हुई। पूरा शहर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों से गूंज उठा।
देशभक्ति के रंग में रंगा शहर
तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के गीत, सजाए गए घोड़े, ढोल-नगाड़ों की थाप और भव्य झांकी ने लोगों का मन मोह लिया।हाथों में तिरंगा और दिलों में अटूट राष्ट्रप्रेम लिए हजारों युवा, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग यात्रा में शामिल हुए।यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए जमशेदपुर रेलवे स्टेशन चौक से गुजरते हुए वीर कुंवर सिंह चौक पर संपन्न हुई। इस दौरान भारत माता की भव्य झांकी केंद्र बिंदु रही, जबकि सेना की वर्दी में सजे युवा घोड़ों के साथ अग्रिम पंक्ति में चलते हुए आयोजन को और भी प्रेरणादायी बना रहे थे।
वीर सैनिकों के बलिदान को नमन
कार्यक्रम के बारे में बताते हुए BJYM जिला अध्यक्ष नीतिश कुमार ने कहा, “आज की तिरंगा यात्रा हमारे वीर सैनिकों को समर्पित है, जो सीमाओं पर देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने से भी पीछे नहीं हटते। हम यह संदेश देना चाहते हैं कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।” उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देंगे। नीतिश कुमार ने लोगों से आह्वान किया कि देश के प्रति कर्तव्य सिर्फ 15 अगस्त और 26 जनवरी तक सीमित नहीं होने चाहिए, बल्कि हर दिन राष्ट्र के लिए कुछ करने का संकल्प लेना चाहिए।
नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी
इस ऐतिहासिक आयोजन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, भाजपा नेत्री मीरा मुंडा, जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा, BJYM जिला अध्यक्ष नीतिश कुशवाहा, ओबीसी मोर्चा के जिला प्रभारी सुजीत वर्मा, कृष्णा शर्मा, कृष्णा कांत शर्मा, भाजपा बागबेड़ा मंडल अध्यक्ष अश्विनी तिवारी, घाघडीह मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार, अशोक मिश्रा, राजकमल यादव, सुबोध झा, विकास सिंह, पिंटू चौबे, मुकेश सिंह, मनोज सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।