spot_img
spot_img
HomeझारखंडSobran Manjhi: सोबरन मांझी की शहादत ने झारखंड आंदोलन को दी नई...

Related Posts

Sobran Manjhi: सोबरन मांझी की शहादत ने झारखंड आंदोलन को दी नई दिशा: हेमंत सोरेन

लुकैयाटांड़ में 69वें शहादत दिवस पर मुख्यमंत्री ने किया नमन, कहा- संघर्ष की विरासत को आगे बढ़ाएगी नई पीढ़ी

Sobran Manjhi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि शहीद सोबरन मांझी की शहादत ने झारखंड के आदिवासी-मूलवासी समाज में अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष की ऐसी चिंगारी जलाई, जिसने आगे चलकर अलग राज्य आंदोलन को नई दिशा दी। इस संघर्ष की विरासत को दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने आगे बढ़ाया और अब नई पीढ़ी इसे आगे ले जाने का संकल्प कर रही है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को लुकैयाटांड़ में सोबरन मांझी के 69वें शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

Sobran Manjhi: मुख्यमंत्री ने शहीद को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम में पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहीद सोबरन मांझी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर उनकी पत्नी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की विधायक कल्पना सोरेन भी उनके साथ मौजूद थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोबरन मांझी का बलिदान केवल एक व्यक्ति की शहादत नहीं, बल्कि उस संघर्ष का प्रतीक है, जिसने झारखंड के लोगों को अपने अधिकारों के लिए एकजुट होने की प्रेरणा दी।

Sobran Manjhi: अलग-अलग इलाकों में उठी थीं विरोध की आवाजें

हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड आंदोलन किसी एक घटना या क्षेत्र तक सीमित नहीं था। गिरिडीह, टुंडी, धनबाद, कोल्हान, उत्तरी और दक्षिणी छोटानागपुर से लेकर संथाल परगना तक अन्याय और अत्याचार के खिलाफ आवाजें उठ रही थीं। अलग-अलग क्षेत्रों में हुए छोटे-बड़े संघर्ष और शहादतें धीरे-धीरे एक व्यापक आंदोलन का आधार बनीं। इसी संघर्ष ने अलग झारखंड राज्य की मांग को मजबूती दी।

Sobaran Manjhi
Sobaran Manjhi Martyrdom Day Nemra

गरीबों के अलग राज्य बनाने के सपने पर उड़ाया जाता था मजाक

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था, जब आदिवासी-मूलवासी समाज के गरीब लोग अपने अधिकारों की बात करने से भी डरते थे। उस दौर में अलग राज्य बनाने की कल्पना करने वालों का मजाक उड़ाया जाता था। लोग सवाल उठाते थे कि गरीब-गुरबा और मूलवासी अपना अलग राज्य कैसे बना पाएंगे। लेकिन यहां के लोगों ने लंबे संघर्ष और बलिदान के दम पर अलग झारखंड राज्य हासिल कर दिखाया।

इतिहास के नायकों को याद रखने की जरूरत

हेमंत सोरेन ने कहा कि जिस तरह भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू और चांद-भैरव को उनके संघर्ष के लिए याद किया जाता है, उसी तरह सोबरन मांझी और झारखंड आंदोलन के अन्य मार्गदर्शकों को भी सम्मान मिलना चाहिए। उनके साहस और बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इतिहास में दर्ज संघर्ष समाज को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। किसी घटना से मिली सीख और प्रेरणा ही भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार की पहल का भी उल्लेख किया। उन्होंने इसे महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि ऐसी योजना देश के दूसरे राज्यों में नहीं चल रही है। उनके अनुसार, महिलाओं की आर्थिक मजबूती से परिवार और समाज दोनों को लाभ मिलता है। राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयास कर रही है।

 राज्य के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के साथ राज्य के अधिकारों और आर्थिक संसाधनों को लेकर भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झारखंड अपने संसाधनों के माध्यम से आमदनी बढ़ाने की कोशिश करता है, लेकिन कई बार इसमें बाधाएं खड़ी की जाती हैं। राज्य को अलग-अलग माध्यमों से जो अधिकार और संसाधन मिलने चाहिए, उन्हें रोकने का प्रयास होता है।

‘पहले हम अपना अधिकार पाएंगे, फिर किसी और को देंगे’

हेमंत सोरेन ने कहा कि जिस तरह झारखंड के लोगों ने संघर्ष करके अलग राज्य हासिल किया, उसी तरह अपने अधिकारों के लिए भी लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि अब झारखंड पहले वाला राज्य नहीं रहा, जहां बाहर से आकर लोग यहां के लोगों का शोषण कर सकें। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “पहले हम अपना अधिकार पाएंगे, फिर किसी और को देंगे।” उन्होंने संघर्ष की इस विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

Read also: Dhanbad Coal: कोयले के ढेर के साथ हाइवा से गिरा युवक का शव

Latest Posts