डीसी मनीष कुमार व एसपी अमित रेनू के नेतृत्व में आधी रात को चला औचक निरीक्षण अभियान, कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली
Chaibasa Jail Raid: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन और पुलिस ने गुरुवार देर रात चाईबासा मंडल कारा की सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया। उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के संयुक्त नेतृत्व में यह बड़ी कार्रवाई की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना था। इसके साथ ही बंदियों को मिल रही बुनियादी सुविधाओं और कारा प्रबंधन की कार्यप्रणाली का जायजा लेना भी इसका मकसद था। आधी रात को प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारियों के एक साथ जेल परिसर में पहुंचने से कारा कर्मियों में हड़कंप मच गया।
Chaibasa Jail Raid: प्रशिक्षु आईएएस व आईपीएस सहित 11 जांच दलों ने संभाला मोर्चा
इस व्यापक निरीक्षण अभियान को सटीक तरीके से अंजाम देने के लिए कुल 11 अलग-अलग जांच दल गठित किए गए थे। इन टीमों में प्रशिक्षु आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को विशेष रूप से शामिल किया गया था।
इसके अलावा सदर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी और कार्यपालक पदाधिकारी सहित कई अन्य वरीय प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी 11 दलों ने जेल के अपने निर्धारित हिस्सों में एक साथ प्रवेश किया और सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
Chaibasa Jail Raid: वार्ड, भोजनालय और अस्पताल की हुई बारीकी से जांच
तलाशी अभियान के दौरान अधिकारियों ने जेल के कोने-कोने को खंगाला। जांच टीमों ने बंदियों के विभिन्न वार्डों और बैरकों की गहन तलाशी ली। इसके साथ ही भोजनालय, जेल अस्पताल, शौचालय और अन्य संवेदनशील स्थानों की भी बारीकी से पड़ताल की गई।
अधिकारियों ने जेल में बंदियों के रहने की स्थिति और पूरे परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने भोजनालय में बन रहे भोजन की गुणवत्ता और उसके वितरण की व्यवस्था की भी जांच की। इसके अलावा स्वच्छ पेयजल और बंदियों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की भी विस्तृत जानकारी ली गई। जेल की बाहरी और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की भी गंभीरता से समीक्षा की गई।
बंदियों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं, आगे भी जारी रहेंगे ऐसे अभियान
निरीक्षण के क्रम में डीसी और एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने बंदियों से सीधे बातचीत की। अधिकारियों ने बंदियों से उनकी समस्याओं और जेल में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में सीधा फीडबैक लिया। उनसे भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं को लेकर पूछताछ की गई।
इस दौरान कारा प्रशासन को सख्त निर्देश दिया गया कि बंदियों को सभी निर्धारित बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही जेल की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी दी गई। हालांकि, इस सघन तलाशी के बावजूद जेल परिसर और बंदी वार्डों से कोई भी आपत्तिजनक या प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जेल की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने और किसी भी संभावित लापरवाही की गुंजाइश खत्म करने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
इसे भी पढ़ें : Jharkhand Contractors: पेनाल्टी में 10 गुना बढ़ोतरी पर ठेकेदारों का विरोध


