विशेष सत्र के अंतिम दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पेश किया राजकीय संकल्प, कल्पना सोरेन व बाबूलाल मरांडी आमने-सामने
Jharkhand Assembly: झारखंड विधानसभा (Jharkhand Assembly) के दो दिवसीय विशेष सत्र के दूसरे और अंतिम दिन गुरुवार को सदन में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 को लेकर जबरदस्त सियासी घमासान मचा रहा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खान एवं भूतत्व विभाग के प्रभारी मंत्री के रूप में इस केंद्रीय कानून के खिलाफ सदन में राजकीय संकल्प पेश किया। सरकार ने आशंका जताई है कि इस संशोधन से राज्यों द्वारा खनिज अधिकारों और खनिजयुक्त भूमि पर कर व उपकर लगाने की शक्तियां सीमित कर दी गई हैं। इससे झारखंड को प्रतिवर्ष करीब 13 हजार करोड़ रुपये के भारी राजस्व नुकसान होने का खतरा पैदा हो गया है। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष जहां केंद्र सरकार पर हमलावर रहा, वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आंकड़े पेश करते हुए राज्य सरकार पर तथ्यहीन राजनीति करने और अवैध खनन को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
Jharkhand Assembly: हर साल 13 हजार करोड़ के नुकसान से प्रभावित होंगी जनकल्याणकारी योजनाएं
सुबह 11 बजे संविधान दिवस की शुभकामनाओं के साथ सदन की कार्यवाही शुरू हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संकल्प पेश करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने 17 अगस्त 2026 को एमएमडीआर संशोधन अधिनियम अधिसूचित किया है। इसके तहत पूर्व में लगाए गए करों के बकाये और वसूली नहीं की गई राशि के दावों को भी अमान्य कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने ‘मिनरल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाम स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड’ मामले में स्पष्ट किया है कि संविधान की सातवीं अनुसूची की राज्य सूची की प्रविष्टि-49 के तहत राज्यों को खनिजयुक्त भूमि पर कर लगाने का अधिकार है। इसी के तहत 2024 में ‘झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस विधेयक’ पारित किया गया था, जिससे सालाना लगभग 13 हजार करोड़ रुपये का राजस्व मिल रहा था। नए संशोधन से यह राशि रुक जाएगी, जिसका सीधा असर सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और आदिवासी-दलित व आदिम जनजाति समुदायों के उत्थान की योजनाओं पर पड़ेगा।
Jharkhand Assembly: झारखंड कोई उपनिवेश नहीं, संघीय ढांचे पर हो रहा प्रहार: कल्पना सोरेन
चर्चा में भाग लेते हुए गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह संशोधन देश के संघीय ढांचे पर सीधा प्रहार है और राज्य अपने विकास के लिए केंद्र के इशारों पर निर्भर नहीं रह सकता। झामुमो का गठन जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ था।
कल्पना सोरेन ने सवाल उठाया कि जिन क्षेत्रों से खनिज निकलता है, वहां के स्थानीय लोग प्रदूषण, विस्थापन और जमीन से बेदखली का दंश झेलते हैं, जबकि लाभ दूसरे क्षेत्रों को मिलता है। उन्होंने बताया कि कोयला कंपनियों के पास दो लाख एकड़ से अधिक और सोलर कंपनियों के पास करीब 42 हजार एकड़ जमीन है। उन्होंने जल उपयोग से जुड़ी योजनाओं पर भी चिंता जताई और कहा कि झारखंड कोई उपनिवेश नहीं है कि यहां के लोग बोझ उठाएं और लाभ बाहर जाए। उन्होंने सभी दलों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राज्य के अधिकारों की रक्षा करने की अपील की।
जनता को भरमा रही सरकार, आंकड़ों के साथ बाबूलाल मरांडी ने किया पलटवार
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुंबई आतंकी हमले के शहीदों को नमन करते हुए राज्य सरकार के संकल्प को जनता को भरमाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि जब संसद में यह बिल लाया गया था, तब विपक्ष ने चर्चा नहीं होने दी और आज यहां राजनीति की जा रही है। मरांडी ने स्पष्ट किया कि यह कानून लघु खनिज पर लागू नहीं है और इसका उद्देश्य 2047 के विकसित भारत के लिए सभी राज्यों को समान अवसर देना है।
आंकड़े रखते हुए मरांडी ने कहा कि कांग्रेस शासन में 2004 से 2014 के बीच झारखंड को केंद्रीय करों में हिस्सेदारी के रूप में 26 हजार करोड़ रुपये मिले थे, जो मोदी सरकार में 2014 से 2024 के बीच 303.7 प्रतिशत बढ़कर 2.64 लाख करोड़ रुपये हो गए। इसी तरह अनुदान भी 25,818 करोड़ से बढ़कर 1.14 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने 13 हजार करोड़ के नुकसान के दावे को खारिज करते हुए कहा कि राज्य सरकार को 2024-25 में खनिज से 11 हजार करोड़ और 2025-26 में खनिज व अतिरिक्त सेस मिलाकर 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की प्राप्ति हुई है।
मरांडी ने राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि कोयला और आयरन ओर की कई खदानें बंद पड़ी हैं, नीलामी के बाद 301 में से महज 14 लघु खनिज खदानें चालू हो सकी हैं और अवैध बालू का कारोबार चरम पर है। उन्होंने डीएमएफटी फंड में गड़बड़ी का भी आरोप लगाया। बहस के दौरान चाईबासा के सुदूर गांवों में जाने पर स्पीकर द्वारा सुरक्षा की बात कहने पर भाजपा विधायक सीपी सिंह ने चुटकी ली कि वित्त मंत्री को खुद अपनी सुरक्षा गाड़ी के लिए चिट्ठी लिखनी पड़ रही है। वहीं मंत्री इरफान अंसारी और विधायक प्रदीप यादव की टोका-टाकी से सदन में नोकझोंक का माहौल बना रहा।
इसे भी पढ़ें : Jharkhand Assembly Session: SIR पर सदन में घमासान, प्रदीप यादव और बाबूलाल भिड़े


