रांची और हजारीबाग समेत कई जिलों में सुबह कांपी धरती, नेपाल के कोशी प्रदेश में था भूकंप का केंद्र; फिलहाल नुकसान की खबर नहीं
Jharkhand Earthquake: झारखंड के कई इलाकों में मंगलवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। राजधानी रांची और हजारीबाग समेत आसपास के क्षेत्रों में धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई। सुबह करीब 7 बजे अचानक घरों के पंखे और सामान हिलने लगे। इसके बाद लोग घबराकर अपने घरों और अपार्टमेंट से बाहर निकल आए। कई जगहों पर लोग खुले मैदान और सुरक्षित स्थानों पर जमा हो गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, भूकंप सुबह 7 बजकर 02 मिनट पर आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.4 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र नेपाल के कोशी प्रदेश में लेलेप से करीब नौ किलोमीटर दूर जमीन के भीतर बताया गया है।
Jharkhand Earthquake: रांची में सुबह-सुबह मची अफरा-तफरी
भूकंप के झटके ऐसे समय महसूस किए गए, जब ज्यादातर लोग सुबह की दिनचर्या शुरू कर रहे थे। अचानक पंखे हिलने लगे। घरों में रखे सामान में भी कंपन महसूस हुआ। इसके बाद लोगों को धरती हिलने का अहसास हुआ। कई परिवार बिना देर किए घरों से बाहर निकल आए। अपार्टमेंट में रहने वाले लोग भी सीढ़ियों और लिफ्ट के बजाय खुले स्थानों की ओर जाने लगे। कुछ देर तक लोगों के बीच भूकंप को लेकर चर्चा होती रही। लोगों ने फोन कर अपने रिश्तेदारों और परिचितों का हाल भी जाना।
Jharkhand Earthquake: नेपाल में था भूकंप का केंद्र
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, भूकंप का केंद्र नेपाल में 27.855 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.909 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। इसकी गहराई जमीन से करीब 20 किलोमीटर नीचे थी। केंद्र के शुरुआती आंकड़ों में इसकी तीव्रता 5.3 दर्ज की गई है। वहीं, कुछ अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की शुरुआती रिपोर्ट में इसकी तीव्रता 5.4 बताई गई। भूकंप के केंद्र को नेपाल के कोशी प्रदेश में लेलेप के आसपास बताया गया है।
कई देशों में महसूस किए गए झटके
भूकंप का असर सिर्फ नेपाल तक सीमित नहीं रहा। भारत के पूर्वी और पूर्वोत्तर हिस्सों के अलावा भूटान और बांग्लादेश में भी झटके महसूस किए जाने की खबरें सामने आईं। चीन के सीमावर्ती इलाकों में भी कंपन की सूचना मिली। भारत में बिहार, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के उत्तरी जिलों में भी लोगों ने झटके महसूस किए। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में भी लोग घरों से बाहर निकल आए।
फिलहाल जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं
राहत की बात यह है कि भूकंप के बाद झारखंड समेत प्रभावित भारतीय इलाकों से किसी बड़े जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। नेपाल में भी शुरुआती रिपोर्टों में किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
भूकंप के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत
विशेषज्ञों के अनुसार, भूकंप के दौरान घबराने के बजाय सावधानी बरतना जरूरी है। झटके महसूस होने पर घर के अंदर मौजूद लोगों को मजबूत मेज के नीचे बैठकर सिर और गर्दन को सुरक्षित रखना चाहिए। खिड़कियों, शीशों और भारी सामान से दूर रहना चाहिए। झटके रुकने के बाद ही सावधानीपूर्वक खुले स्थान पर निकलना बेहतर होता है। ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों को भूकंप के दौरान लिफ्ट का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
फिलहाल झारखंड में महसूस किए गए झटकों के बाद किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। सुबह के समय आए इस भूकंप ने लोगों को जरूर डरा दिया। खासकर अपार्टमेंट और बहुमंजिली इमारतों में रहने वाले लोग काफी देर तक घरों से बाहर रहे।
Read also: Jamshedpur Accident: बुलेट हादसे में दो युवकों की मौत


