Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम में दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत

  • सुंदरनगर रेलवे स्टेशन के पास हुई घटना, 34 वर्षीय महिला की मौत, पुलिस जांच में जुटी

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के सुंदरनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से 34 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना रेलवे स्टेशन के समीप बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान लक्ष्मी मुर्मू के रूप में

मृतका की पहचान लक्ष्मी मुर्मू के रूप में हुई है, जो परसुडीह के सरजामदा क्षेत्र की रहने वाली थीं। वह पिछले कुछ दिनों से सुंदरनगर में अपने मामा के घर रह रही थीं।

Jamshedpur news: पारिवारिक और स्वास्थ्य स्थिति का खुलासा

परिजनों के अनुसार, मृतका के पति अरविंद मांझी ओडिशा के बड़बिल में भारतीय स्टेट बैंक में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी पिछले कुछ समय से मानसिक बीमारी से जूझ रही थीं और उनका इलाज रांची में चल रहा था।

तड़के घर से निकली थीं महिला

परिजनों ने बताया कि शुक्रवार तड़के लगभग 3:30 से 4:00 बजे के बीच वह घर से यह कहकर निकली थीं कि वह टहलने जा रही हैं। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की।

Jamshedpur news: ट्रेन की चपेट में आने की आशंका

इसी दौरान सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक पर एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई है। बाद में परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान लक्ष्मी मुर्मू के रूप में की। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वह बादामपहाड़ एक्सप्रेस की चपेट में आई थीं, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। घटना के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल पाएगा।

Also Read: Jamshedpur crime news: रेलवे ओवरब्रिज के पास अर्धनग्न अवस्था में अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, इलाके में सनसनी