spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरGamharia Dam Dead Body : टायो कॉलोनी डैम से अज्ञात व्यक्ति का...

Related Posts

Gamharia Dam Dead Body : टायो कॉलोनी डैम से अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद, पहचान में जुटी पुलिस

  • सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया थाना क्षेत्र में सनसनी

Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित टायो कॉलोनी के पीछे बने डैम से शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

स्नान करने पहुंचे ग्रामीणों ने देखा पानी में तैरता शव

जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र से सटे शंकरपुर गांव के कुछ ग्रामीण रोज की तरह शनिवार सुबह डैम में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैरते एक शव पर पड़ी। शव की हालत अत्यंत खराब और सड़ी-गली थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि शव कई दिनों पुराना हो सकता है।

स्थानीय तैराक की मदद से बाहर निकाला गया शव

घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय तैराक की सहायता से शव को डैम से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शव की पहचान अब तक नहीं

फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

गम्हरिया थाना प्रभारी रामचंद्र रजक ने बताया कि शव काफी सड़ा-गला होने के कारण पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

हर पहलू से जांच कर रही पुलिस

पुलिस मामले की जांच दुर्घटना, आत्महत्या और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है। फिलहाल क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Latest Posts