Jamshedpur/Jharkhand : जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद की उम्मीदवार रिंकू सिंह ने शनिवार को चौक बाजार, गौरी शंकर रोड एवं आसपास के इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इसके बाद दोपहर बाद एमई स्कूल रोड में भी घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया। इसके बाद मच्छी गोदाम बस्ती में स्थानीय लोगों के साथ बैठक की। इसमें रिंकू सिंह ने कहा कि जनसेवा उनकी पारिवारिक विरासत है। बहुजन हिताय की भावना के साथ वह इस चुनाव मैदान में उतरी हैं। इसलिए जनसेवा और जुगसलाई की जनता को छोटी से छोटी समस्या से निजात दिलाना ही उनका एकमात्र लक्ष्य है। इस दौरान बस्तिवासियों ने रिंकू सिंह को अपना शत-प्रतिशत समर्थन देते हुए उनकी जीत सुनिश्चित करने का ऐलान किया।
जुगसलाई मेरा घर, यहां के सभी लोग मेरे परिजन
उन्होंने लोगों से कहा कि जुगसलाई उनके लिए केवल एक चुनावी क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका अपना घर है और यहां का हर निवासी उनके परिवार का सदस्य है। इसलिए मैं यहां चुनावी वादे करने नहीं आई हूं, बल्कि अपने घर के विकास के लिए एक ‘वचन और दृढ़ संकल्प’ लेकर आई हूं। रिंकू सिंह ने अपने चुनाव चिह्न को अपने विजन से जोड़ते हुए कहा कि जिस तरह एक-एक ईंट से मजबूत इमारत खड़ी होती है, उसी तरह मेरे वादे और इरादे भी ठोस और मजबूत हैं।
रिंकू सिंंह ने बताई अपनी प्राथमिकता
अपनी प्राथमिकताओं से अवगत कराते हुए उन्होंने कहा कि पूरे जुगसलाई में टाटा स्टील यूटीलिटीज (पूर्व में जुस्को) से पानी व बिजली उपलब्ध कराना पहली प्राथमिकता है। ताकि, यहां के लोगों को स्वच्छ पेयजल एवं निर्बाध बिजली मिल सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में महिला कॉलेज, बच्चों के लिए पार्क, जाम की समस्या से मुक्ति, पार्किंग की समुचित व्यवस्था समेत क्षेत्रवासियों हर तरह की मूलभूत सुविधाएं सुलभ कराना एवं क्षेत्र का समग्र विकास प्राथमिकता है।
जुगसलाई के उज्जवल भविष्य के लिए एक-एक ‘ईंट’ जोड़ने का आग्रह
जनसंपर्क के क्रम में रिंकू सिंह ने कहा कि सभी का विश्वास और सहयोग ही उनकी सेवा भावना एवं संकल्प की सबसे बड़ी ताकत है। इसके लिए उन्होंने लोगों से विकास की नई ईंटें जोड़ते हुए उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने की अपील की। रिंकू सिंह ने प्रत्येक मतदाता से क्रम संख्या 08, चुनाव चिन्ह “ईंटें” छाप पर मुहर लगाकर सेवा सेवा का अवसर प्रदान करने का आग्रह किया। इस दौरान महिला-पुरुष कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने जमकर रिंकू सिंंह के समर्थन में नारे लगाए। हर जगह लोगों ने रिंकू सिंह का भव्य स्वागत करते हुए उनके प्रति आस्था व्यक्त की। जनसंपर्क अभियान में कई महिला-पुरुष कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल थे।



