- तमाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अभ्यर्थियों से पूछताछ जारी
Ranchi exam paper leak : झारखंड (Jharkhand) की राजधानी रांची के तमाड़ (Tamar) थाना क्षेत्र में उत्पाद सिपाही परीक्षा (excise constable exam) के प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 150 से अधिक युवकों को हिरासत में लिया है। सभी से गहन पूछताछ की जा रही है।
हिरासत में लिए गए युवकों में अधिकतर अभ्यर्थी
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए अधिकांश युवक उत्पाद सिपाही परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी थे। ये सभी एक स्थान पर इकट्ठा होकर कथित रूप से प्रश्नपत्र लीक होने की चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी को हिरासत में ले लिया गया। फिलहाल सभी युवकों को तमाड़ थाने में रखा गया है और थाने के मुख्य द्वार को बंद कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस को मिली थी यह सूचना
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस को यह भी सूचना मिली थी कि प्रश्नपत्र अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराया जा सकता है और कुछ मामलों में असली उम्मीदवारों की जगह डुप्लीकेट परीक्षार्थियों को बैठाने की योजना बनाई जा रही थी।
पुलिस कर रही पूछताछ
हालांकि, अब तक की जांच में पेपर लीक की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि संदेह के आधार पर युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि यदि किसी भी तरह की अनियमितता सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



