spot_img
spot_img
HomeझारखंडRamgarh encounter : रामगढ़ में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के गुर्गों...

Related Posts

Ramgarh encounter : रामगढ़ में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के गुर्गों के बीच मुठभेड़, एक घायल

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, अपराधकर्मी सन्नी सिंह के पैर में लगी गोली

Ramgarh encounter : झारखंड के रामगढ़ जिले में अपराध के खिलाफ चल रही पुलिस कार्रवाई के बीच सोमवार तड़के एक बड़ी मुठभेड़ सामने आई। कुख्यात राहुल दुबे गैंग के गुर्गों और पुलिस के बीच हुई इस मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी सन्नी सिंह घायल हो गया, जबकि पतरातु थाना प्रभारी भी इस दौरान चोटिल हो गए। रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल अपराधी सन्नी सिंह को दाहिने पैर में गोली लगी है। उसे बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सन्नी सिंह हजारीबाग जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलीगढ़ा का निवासी बताया जा रहा है।

भुरकुंडा के दो मोहनी पुल के पास पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, सोमवार की सुबह पतरातु, भुरकुंडा और भदानीनगर थाना की संयुक्त टीम भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के दो मोहनी पुल के समीप गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक बड़ी वारदात को अंजाम देने पहुंचे सन्नी सिंह और उसके साथियों ने अचानक पुलिस की गाड़ी पर फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों की इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें सन्नी सिंह घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान अन्य अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे।

पतरातु थाना प्रभारी शिवलाल प्रसाद गुप्ता भी हुए घायल

मुठभेड़ में पतरातु थाना प्रभारी शिवलाल प्रसाद गुप्ता भी घायल हो गए। एसपी अजय कुमार के अनुसार, अपराधियों की गोलीबारी के दौरान उन्हें चोट आई है और उनका इलाज कराया गया है। उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घटनास्थल से हथियार और सामान बरामद, सर्च ऑपरेशन तेज

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल, खोखा, बैग सहित अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया है। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और फरार अपराधियों की तलाश में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राहुल दुबे गैंग के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सके।

Latest Posts