- एनएच-98 पर भीषण सड़क हादसा, मेदिनीनगर बैठक में शामिल होने जा रहे थे अधिकारी
Palamu Road Accident CO Injured : झारखंड के पलामू जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां नौडीहा बाजार के अंचलाधिकारी की सरकारी गाड़ी को एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में नौडीहा बाजार के सीओ संजय कुमार सिंह, पिपरा के सीओ जितेंद्र कुमार सिंह और वाहन चालक रवींद्र कुमार ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को दोपहर करीब 12:30 बजे बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदनीनगर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
छतरपुर थाना क्षेत्र के मसीहानी में हुआ हादसा
यह दुर्घटना छतरपुर थाना क्षेत्र के मसीहानी स्थित नेशनल हाईवे-98 फोरलेन सड़क पर बिरसा मुंडा चौक के समीप हुई। जानकारी के अनुसार दोनों अंचलाधिकारी मेदिनीनगर में आयोजित एक बैठक में शामिल होने के लिए जा रहे थे, उसीू दौरान यह हादसा हुआ।
ट्रेलर चालक मोबाइल पर बात करते हुए आया, सामने से मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंचलाधिकारी की सरकारी गाड़ी सायरन बजाते हुए फोरलेन सड़क की दाहिनी लेन से गुजर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहा ट्रेलर चालक मोबाइल फोन पर बात कर रहा था और नियंत्रण खो बैठा, जिससे उसने सीओ की गाड़ी में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई, अन्यथा यह दुर्घटना और भी भयावह हो सकती थी।
प्राथमिक उपचार के बाद एमएमसीएच रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदनीनगर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार संजय कुमार सिंह के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि जितेंद्र कुमार सिंह के बाएं हाथ में फ्रैक्चर और अंदरूनी चोटें हैं। वहीं चालक रवींद्र कुमार ठाकुर को भी शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट लगी हैं।
पुलिस ने दोनों वाहनों को किया जब्त, जांच शुरू
घटना के बाद छतरपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरकारी वाहन और ट्रेलर को कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अवध कुमार यादव मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
नगर अध्यक्ष ने अस्पताल पहुंचकर लिया घायलों का हालचाल
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता अस्पताल पहुंचे और घायल अंचलाधिकारियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने इलाज में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।



