Palamu Mudure Cases/ पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र में हुए चर्चित राजदेव महतो हत्याकांड का पुलिस ने 12 दिन बाद खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि एक महिला से जुड़े अवैध संबंधों का राज खुलने के डर से बुजुर्ग की हत्या की साजिश रची गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, 2 मार्च को 70 वर्षीय राजदेव महतो का शव सेवती डाक बंगला के पास पदमा जाने वाली सड़क किनारे कोलकटवा जंगल से बरामद किया गया था। मृतक की पत्नी दुलारी देवी ने इस घटना को लेकर तरहसी थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था।
दो आरोपित गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने इस मामले में सेवती गांव के बच्चू महतो (55) और संतोष महतो (50) को गिरफ्तार किया है। वहीं तीसरा आरोपी सुरेश राम अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
महिला से जुड़े विवाद ने ली बुजुर्ग की जान
पाटन इंस्पेक्टर सुरेश मंडल ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर सेवती गांव की देवन्ती देवी से पूछताछ की पूछताछ में सामने आया कि तरहसी के सुरेश राम और सेवती के संतोष महतो अक्सर देवन्ती देवी के घर शराब पीने आते थे। मृतक राजदेव महतो को इन दोनों के देवन्ती देवी के साथ अवैध संबंध होने का शक था। इसी कारण वह कई बार उन्हें गांव में बदनाम करने की धमकी देता था।
रंजिश और डर से रची गई हत्या की साजिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि राजदेव महतो अक्सर पशु चराने के लिए कोलकटवा जंगल जाते थे और बच्चू महतो के भंडार घर के पास बैठते थे। शराब पीने के दौरान कई बार राजदेव महतो बच्चू महतो को अपशब्द कह देते थे, जिससे वह भी उनसे नाराज रहने लगा था। इसी रंजिश और राज खुलने के डर से सुरेश राम, संतोष महतो और बच्चू महतो ने मिलकर राजदेव महतो की हत्या की साजिश रची।
भोज के बाद जंगल में ले जाकर की हत्या
पुलिस के अनुसार 27 फरवरी को सेवती गांव में दामोदर महतो के बेटे के दसवीं के भोज के बाद बच्चू महतो, राजदेव महतो को अपने कोलकटवा जंगल स्थित भंडार घर ले गया। वहां पहले से मौजूद अन्य आरोपितों के साथ मिलकर तीनों ने टांगी से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
सबूत मिटाने के लिए शव छिपाया
हत्या के बाद आरोपितों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। उन्होंने शव को पास के खलिहान में पुआल से ढक दिया और घटनास्थल पर गिरे खून को मिट्टी हटाकर दूसरी मिट्टी से ढक दिया, ताकि किसी को शक न हो।
रात में जंगल में फेंका गया शव
इसके बाद 1 मार्च की रात तीनों आरोपितों ने शव को खाट पर लादकर जंगल के रास्ते सेवती डाक बंगला के पास पदमा जाने वाली सड़क किनारे कोलकटवा जंगल में फेंक दिया। उनका उद्देश्य यह था कि शव मिलने पर किसी को उन पर शक न हो।
पूछताछ में कबूला अपराध
मामले के अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक अनंत कुमार सिंह ने बताया कि सख्ती से पूछताछ करने पर बच्चू महतो और संतोष महतो ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी और खाट भी बरामद कर ली है।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस अब फरार आरोपी सुरेश राम की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक मनिन्द्र कुमार शर्मा, अनंत कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।



