spot_img
spot_img
Homeझारखंडकोल्हान प्रमंडलChaibasa-Manoharpur maternal death : मनोहरपुर में प्रसव के दौरान महिला की मौत,...

Related Posts

Chaibasa-Manoharpur maternal death : मनोहरपुर में प्रसव के दौरान महिला की मौत, मृत बच्ची को जन्म देने के बाद बिगड़ी हालत, हंगामा

  • स्वास्थ्य केंद्र पर लापरवाही का आरोप, परिजनों ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

Manoharpur maternal death : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम (Chaibasa) जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के नंदपुर पंचायत अंतर्गत डोंगाकाटा नीचे टोला की 31 वर्षीय खुशबू खंडाइत की शनिवार शाम स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान मौत हो गई। इससे पहले महिला ने एक मृत बच्ची को जन्म दिया था। इस दर्दनाक घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

सुबह भर्ती, शाम को गई जान

मृतका के पति रोहित खंडाइत के अनुसार, खुशबू को शनिवार सुबह करीब 9 बजे प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोपहर लगभग 4:22 बजे सामान्य प्रसव के दौरान उसने एक मृत बच्ची को जन्म दिया। परिजनों का कहना है कि प्रसव के बाद खुशबू की स्थिति सामान्य थी, लेकिन मृत शिशु के जन्म की जानकारी मिलने के बाद वह गहरे सदमे में चली गई। इसके बाद उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और शाम करीब 7 बजे उसकी भी मौत हो गई।

10 साल बाद मिली थी मातृत्व की खुशी, परिवार सदमे में

परिजनों के अनुसार, शादी के करीब दस वर्षों बाद खुशबू को मां बनने का अवसर मिला था। ऐसे में यह घटना पूरे परिवार के लिए गहरा आघात बनकर सामने आई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है।

अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद मनोहरपुर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सीताराम गोप ने स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि अस्पताल में सर्जन और स्त्री रोग विशेषज्ञ की कमी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध होने के बावजूद टेक्नीशियन के अभाव में मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। सीताराम गोप के अनुसार, यदि प्रसव के दौरान किसी प्रकार की जटिलता थी, तो समय रहते जांच कर मरीज को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर किया जाना चाहिए था, जिससे जच्चा-बच्चा की जान बचाई जा सकती थी।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

घटना के बाद परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने और अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को दुरुस्त करने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Also Read : Koderma Elephant Terror : कोडरमा में हाथियों का आतंक, महुआ चुन रही महिला को हाथी ने कुचलकर मार डाला

Latest Posts