spot_img
spot_img
HomeझारखंडKolhan University retirement process : कोल्हान विश्वविद्यालय ने पेश की मिसाल, डॉ....

Related Posts

Kolhan University retirement process : कोल्हान विश्वविद्यालय ने पेश की मिसाल, डॉ. एसएन ठाकुर की सेवानिवृत्ति प्रक्रिया एक दिन में पूरी

  • 42 वर्षों की शैक्षणिक सेवा के बाद भावपूर्ण विदाई समारोह

Kolhan University retirement process : कोल्हान विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक डॉ. एसएन ठाकुर को उनकी 42 वर्षों की लंबी और उल्लेखनीय शैक्षणिक सेवा के उपरांत ससम्मान विदाई दी गई। डॉ. ठाकुर ने अपने सेवाकाल के दौरान जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज और विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग में महत्वपूर्ण योगदान दिया। एक समर्पित शिक्षक और प्रेरणादायी मार्गदर्शक के रूप में उन्होंने अनेक विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाई।

सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी लाभ देकर विश्वविद्यालय ने रचा इतिहास

यह आयोजन केवल एक औपचारिक विदाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यकुशलता का उत्कृष्ट उदाहरण भी बना। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया गया कि डॉ. ठाकुर को उनके अंतिम कार्य दिवस पर ही सभी सेवानिवृत्ति लाभ प्रदान कर दिए जाएं। इसमें मासिक पेंशन, ग्रेच्युटी, अर्जित अवकाश नकदीकरण, सामूहिक बीमा और भविष्य निधि (PF) की पूरी राशि शामिल रही। एक ही दिन में सभी प्रक्रियाएं पूरी कर विश्वविद्यालय ने प्रशासनिक दक्षता और संवेदनशीलता का परिचय दिया।

सहकर्मियों ने साझा किए अनुभव, योगदान को किया याद

समारोह के दौरान विभागाध्यक्ष और अन्य वक्ताओं ने डॉ. ठाकुर के साथ बिताए गए अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि डॉ. ठाकुर का अनुशासन, समर्पण और शिक्षण शैली आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। कार्यक्रम के समापन पर विश्वविद्यालय परिवार की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य और सुखद भविष्य की कामना की गई।

समारोह में शिक्षक व अधिकारी हुए शामिल

इस अवसर पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. संजय यादव, कुलानुशासक डॉ. राजेंद्र भारती, कुलसचिव डॉ. रंजीत कुमार कर्ण, वित्त पदाधिकारी डॉ. संजय सिंह, उप-कुलसचिव डॉ. एमके मिश्रा सहित मानविकी, सामाजिक विज्ञान और विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता, वनस्पति विज्ञान संकाय के डॉ. दारा सिंह गुप्ता, सभी विभागाध्यक्ष, अन्य पदाधिकारी, शरत चंद्र समेत विश्वविद्यालय के कई शिक्षकगण और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में डॉ. ठाकुर के योगदान को सराहा और उनके कार्यकाल को विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताया।

Also Read : Jamshedpur rent hike protest : किराया वृद्धि के विरोध में जेएनएसी कार्यालय के समक्ष व्यापारियों का धरना, फैसले को बताया अवैध

Latest Posts