- फर्नेस ब्लास्ट में झुलसे श्रमिक बृजलाल बेदिया ने भी तोड़ा दम, चार मजदूर अब भी गंभीर
Ramgarh : झारखंड के रामगढ़ थाना क्षेत्र के हेसला गांव स्थित झारखंड इस्पात प्लांट (JSP) में हुए फर्नेस विस्फोट हादसे में एक और मजदूर की मौत हो गई है। इस घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो चुकी है, जिससे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। गंभीर रूप से घायल मजदूर बृजलाल बेदिया ने रांची के देवकमल अस्पताल में सोमवार देर रात दम तोड़ दिया। इससे पहले अशोक बेदिया और अखिल राय की भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी थी। वहीं, चार अन्य घायल मजदूर अभी भी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
मुआवजे और मांगों पर बनी सहमति, 6 बिंदुओं पर हुआ समझौता
हादसे के बाद मुआवजा और अन्य मांगों को लेकर जिला प्रशासन, स्थानीय ग्रामीणों और प्लांट प्रबंधन के बीच सोमवार देर रात वार्ता हुई, जो सकारात्मक निष्कर्ष पर समाप्त हुई। सभी पक्षों के बीच छह महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी है। समझौते के तहत हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के आश्रितों को 21 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा घायलों के इलाज और भविष्य को लेकर भी कई अहम निर्णय लिए गए हैं।
- घायलों का निःशुल्क इलाज और वेतन जारी रखने का आश्वासन
- सभी घायल मजदूरों का समुचित और निःशुल्क इलाज सुनिश्चित किया जाएगा
- जब तक मजदूर पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जाते, उन्हें नियमित वेतन मिलता रहेगा
- सभी मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी का लाभ दिया जाएगा
- ESIC सुविधा लागू, प्रदूषण नियंत्रण का वादा
प्रबंधन की ओर से यह भी सहमति दी गई है कि मजदूरों के लिए कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) की सुविधा लागू की जाएगी। इसके साथ ही तीन महीने के भीतर प्लांट में प्रदूषण नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था लागू करने का आश्वासन भी दिया गया है।
हादसे के बाद बढ़ी सुरक्षा पर सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही मौतों से मजदूरों और उनके परिवारों में भय का माहौल है। प्रशासन और प्रबंधन पर अब सुरक्षा मानकों को और सख्ती से लागू करने का दबाव बढ़ गया है।



