Jamshedpur/Jharkhand : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित संकटा सिंह पेट्रोल पंप के पास सोमवार रात एक सड़क हादसे में लगभग 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला सड़क किनारे पैदल चल रही थी। उसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटनास्थल पर बैरिकेडिंग कर पुलिस ने शुरू की जांच
स्थानीय लोगों के अनुसार मृत महिला स्टेशन परिसर के आसपास भीख मांगकर जीवनयापन करती थी। हादसे के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर पड़े शव के आसपास बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को घेर लिया, ताकि यातायात को नियंत्रित एवं जांच की जा सके।
आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही पुलिस
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की पहचान करने और हादसे की पूरी जांच के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।



