- जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की भाजपा समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह के नामांकन को ऐतिहासिक बनाने की रणनीति तय
Jamshedpur/Jharkhand : जमशेदपुर नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा समर्थित उम्मीदवार रिंकू सिंह के समर्थन में मंगलवार की शाम जुगसलाई के एमई स्कूल रोड स्थित संकल्प रेजीडेंसी में एक अहम रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य बुधवार को होने वाले नामांकन कार्यक्रम को जोश, उत्साह और अनुशासन के साथ ऐतिहासिक बनाना था। बैठक में जुगसलाई ही नहीं, बल्कि जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों से आए सामाजिक, राजनीतिक और व्यावसायिक वर्गों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर रिंकू सिंह की जीत सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया।
भाजपा-एनडीए और सामाजिक संगठनों का खुला समर्थन
बैठक में भाजपा, एनडीए सहयोगी दलों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कई प्रमुख चेहरे उपस्थित रहे। इनमें भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी शम्भू सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा, बागबेड़ा जिला परिषद सदस्य कविता परमार, भाजपा जिला महामंत्री अनिल मोदी, आजसू पार्टी जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी छितरमल धूत, संजय दास, सिख समाज से रविन्द्र भाटिया, गणेश रविदास, जुगसलाई भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष हनु जैन व वेद प्रकाश शर्मा, समाजसेवी निताई ससमल समेत कई गणमान्य महिला-पुरुष शामिल थे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में रिंकू सिंह को जुगसलाई के विकास के लिए सर्वश्रेष्ठ विकल्प बताते हुए जनता से उनके पक्ष में मतदान की अपील की।
जुगसलाई के समग्र विकास की समझ रखने वाली प्रत्याशी हैं रिंकू सिंह
वक्ताओं ने कहा कि रिंकू सिंह एक समाजसेवी परिवार से आती हैं और जुगसलाई की जमीनी समस्याओं, नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता, यातायात और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को भली-भांति समझती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से रिंकू सिंह के विजन, सोच और विकास एजेंडे को आम मतदाताओं तक पहुंचाने का आह्वान किया।
हर मां, बेटी और समाज की आवाज बनूंगी : रिंकू सिंह
क्लीन, ग्रीन और जाम-मुक्त जुगसलाई का संकल्पबैठक को संबोधित करते हुए रिंकू सिंह ने कहा कि समाज सेवा उनके जीवन का मूल उद्देश्य रहा है और अब जनता ने उन्हें इसे बड़े स्तर पर निभाने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि मैं जुगसलाई की हर मां, हर बेटी, हर परिवार और हर समाज की आवाज बनना चाहती हूं, ताकि छोटी से छोटी समस्या का भी समयबद्ध समाधान हो सके।उन्होंने “क्लीन जुगसलाई, ग्रीन जुगसलाई और जाम-मुक्त जुगसलाई” के विजन को दोहराते हुए नगर परिषद को पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुख बनाने का भरोसा दिलाया। उनके संबोधन के बाद बैठक स्थल नारों और तालियों से गूंज उठा।
बुधवार सुबह पूजा-अर्चना व पूरे उत्साह के साथ भव्य नामांकन की तैयारी
रिंकू सिंह बुधवार सुबह 10:00 बजे एमई स्कूल रोड स्थित श्रीश्री राजस्थान शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद गाजे-बाजे और समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करेंगी।बैठक में मौजूद सभी लोगों ने नामांकन कार्यक्रम में अनुशासन और गरिमा बनाए रखते हुए बड़ी संख्या में शामिल होने का संकल्प लिया।
इससे पूर्व आरंभ में स्वागत भाषण एवं संचालन अनिल मोदी ने किया। बैठक में संकल्प रेजीडेंसी सहित बड़ी संख्या में जुगसलाईवासी उपस्थित थे।



