spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरJamshedpur Builder Fraud : जमशेदपुर में फ्लैट के नाम पर करोड़ों की...

Related Posts

Jamshedpur Builder Fraud : जमशेदपुर में फ्लैट के नाम पर करोड़ों की ठगी, बिल्डर अजय अग्रवाल गिरफ्तार

  • साकची पुलिस ने रांची से दबोचा, 1.25 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप

Jamshedpur/Jharkhand : शहर में फ्लैट दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित ठगी के मामले में आदित्यपुर के बिल्डर अजय अग्रवाल की गिरफ्तारी से सनसनी फैल गई है। साकची थाना पुलिस ने उसे मंगलवार को रांची से गिरफ्तार कर शाम को जमशेदपुर लाया, जहां देर रात तक उससे गहन पूछताछ जारी रही।

1.25 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 26 नवंबर 2025 को अजय अग्रवाल के खिलाफ करीब 1.25 करोड़ रुपये की ठगी का मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि उसने कई लोगों से फ्लैट देने के नाम पर मोटी रकम वसूली, लेकिन न तो उन्हें फ्लैट उपलब्ध कराया और न ही पैसे वापस किए। मामले में कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर उसे रांची से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के बाद हाई-लेवल पैरवी, राहत नहीं

गिरफ्तारी की खबर फैलते ही आरोपी के पक्ष में उच्च स्तर पर पैरवी शुरू हो गई। हालांकि देर रात तक पुलिस ने उसे रिहा नहीं किया था और कानूनी प्रक्रिया जारी रही। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

थाना में जुटी भीड़, सामने आए नए आरोप

गिरफ्तारी के बाद साकची थाना परिसर में देर रात तक लोगों की भीड़ लगी रही। जहां एक ओर आरोपी के समर्थक मौजूद थे, वहीं कई पीड़ित भी अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। गोलमुरी के एक सीमेंट कारोबारी ने आरोप लगाया कि अजय अग्रवाल ने उससे 4 से 5 लाख रुपये का सीमेंट लिया, लेकिन भुगतान किए बिना ही मोबाइल बंद कर फरार हो गया।

अन्य पीड़ितों से भी जुटाई जा रही जानकारी

पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य संभावित पीड़ितों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के दायरे को बढ़ाते हुए हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क और संभावित आर्थिक अनियमितताओं का खुलासा किया जा सके।

रियल एस्टेट कारोबार पर उठे सवाल

इस घटना के बाद शहर में रियल एस्टेट सेक्टर की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के मामलों से निवेशकों और खरीदारों का भरोसा कमजोर होता है।

Latest Posts