Jamshedpur (Jharkhand) : झारखंड के जमशेदपुर में भारतीय सेना की वीरता और ऑपरेशन सिंदूर की अभूतपूर्व सफलता को समर्पित विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन गुरुवार को किया गया। भाजपा जमशेदपुर महानगर और पूर्वी सिंहभूम ग्रामीण इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में हजारों नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, पूर्व सैनिकों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

जनमानस ने लहराया तिरंगा, गूंजे देशभक्ति के नारे
संध्या 5 बजे जुबिली पार्क गोलचक्कर से प्रारंभ हुई यह यात्रा बंगाल क्लब, साकची गोलचक्कर, आई अस्पताल होते हुए शहीद चौक (बसंत टॉकीज) पर संपन्न हुई। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ और ‘भारतीय सेना जिंदाबाद’ जैसे नारे गूंजते रहे। देशभक्ति गीतों से सुसज्जित दो विशाल वाहनों ने पूरे माहौल को देशप्रेम से सराबोर कर दिया।

शीर्ष नेतृत्व ने की सेना के शौर्य की सराहना
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व विधायक मेनका सरदार, भाजपा प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, तथा यात्रा के प्रदेश सह संयोजक अभय सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं की भागीदारी रही।

विश्व ने देखी भारत की सैन्य शक्ति : रघुवर दास
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान को उसकी भाषा में जवाब दिया। हमारी सेना ने आतंक के ठिकानों को ध्वस्त कर यह दिखा दिया कि भारत अब किसी दुस्साहस को बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह संदेश साफ है कि आतंकवाद की जड़ें समाप्त होने तक कार्रवाई जारी रहेगी।
तिरंगा यात्रा वीर सैनिकों के सम्मान का प्रतीक : अर्जुन मुंडा
पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि हमारी सेना ने पहलगाम हमले का मुंहतोड़ जवाब देकर भारत की गरिमा को और ऊंचा किया है। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए यह साफ हो गया है कि भारत अब किसी भी आतंकी साजिश को नहीं सहेगा।
अब भारत की ताकत से कांपते हैं दुश्मन : विद्युत वरण महतो
जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि भारतीय सेना ने पाक अधिकृत क्षेत्र में जाकर आतंकियों को मार गिराया। इस ऑपरेशन से पूरी दुनिया ने देखा कि भारत किसी भी साजिश को उसके घर में घुसकर खत्म कर सकता है।
अगली बार नक्शे से मिटेगा पाक का नाम : दिनेशानंद गोस्वामी
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सेना ने पाक एयर स्पेस को ध्वस्त कर वीरता का उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो उसका नाम विश्व मानचित्र से मिट सकता है।
ऑपरेशन सिंदूर बहनों के सिंदूर की रक्षा का प्रतीक : पूर्णिमा साहू
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि जिन्होंने हमारी बहनों के सिंदूर उजाड़ने की कोशिश की, उन्हें हमारी सेना ने करारा जवाब दिया है। तिरंगा यात्रा उन बहनों के साहस और बलिदान को समर्पित है।
जनता, पूर्व सैनिकों और युवाओं का भरपूर समर्थन
इस यात्रा में नागरिकों के साथ पूर्व सैनिकों, शिक्षकों, व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं, सामाजिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी के हाथों में तिरंगा और वीर सैनिकों के सम्मान में तख्तियां थीं।
भाजपा पदाधिकारियों ने जताया प्रति आभार
भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने यात्रा में शामिल सभी राष्ट्रप्रेमी नागरिकों, कार्यकर्ताओं, पूर्व सैनिकों और संगठनों का आभार जताते हुए कहा कि यह यात्रा शहर की एकता और राष्ट्रीय अखंडता की प्रतीक बन गई।
पहलगाम हमले में शहीदों को श्रद्धांजलि
यात्रा के समापन पर शहीद चौक (बसंत टॉकीज) पर पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए नागरिकों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
प्रमुख उपस्थिति
इस आयोजन में देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, रामबाबू तिवारी, राजकुमार श्रीवास्तव, गुंजन यादव, राजेश शुक्ल, मिथिलेश यादव, कल्याणी शरण, योगेश मल्होत्रा, प्रदीप महतो, रेणु शर्मा, कौस्तव रॉय, उज्ज्वल सिंह, नीतीश कुशवाहा, सागर राय, पवन सिंह, सूरज साह, अश्विनी तिवारी, अमित मिश्रा, हेमेंद्र जैन हन्नु सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।