- “अपने संविधान को जानें” विषय पर छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
Constitution Quiz Ghatshila College : बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर सोमवार को घाटशिला महाविद्यालय (Ghatshila College) में राजनीति विज्ञान विभाग (Political Science Department) की ओर से “अपने संविधान को जानें” विषय पर एक रोचक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करें छात्र : डॉ. आरके चौधरी
प्रतियोगिता में कुल 10 समूहों ने हिस्सा लिया, जिनमें प्रत्येक समूह में पांच-पांच विद्यार्थी शामिल थे। खास बात यह रही कि दर्शकों के लिए भी एक अलग समूह बनाया गया, जिससे पूरे आयोजन में सहभागिता और उत्साह का माहौल बना रहा। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आरके चौधरी ने इस कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से छात्र-छात्राओं की प्रतिभा निकलती है। इसके साथ ही उनका ज्ञानवर्धन होता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों को आत्मसात करने एवं उनकी जीवनी से सीख लेकर देश के विकास में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. इंदल पासवान ने क्विज मास्टर के रूप में किया। वहीं स्कोरिंग की जिम्मेदारी डॉ. सोमा सिंह, प्रो. पूंजीशा बेदिया और प्रो. शंकर माहली ने निभाई, जबकि टाइम कीपर के रूप में डॉ. चिरंतन महतो सक्रिय रहे। इस अवसर पर डॉ. दिलचंद राम, डॉ. संदीप चंद्रा, डॉ. कृष्णा प्रसाद, डॉ. कुमार विशाल और प्रो. मानिक मार्दी सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।
झारखंड के पहाड़ों के नाम पर टीमों का नामकरण
प्रतियोगिता को खास बनाने के लिए सभी टीमों के नाम झारखंड के प्रमुख पहाड़ों के नाम पर रखे गए थे, जिससे छात्रों में स्थानीय पहचान और गर्व की भावना भी देखने को मिली। कड़े मुकाबले के बाद त्रिकूट पहाड़ समूह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इस टीम में धानी मुर्मू, आरसू मुर्मू, सोनाली पातर, सलमा टुडू और छीता मुर्मू शामिल थे। वहीं लुगू पहाड़ समूह ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जिसमें पिंकी राणा, बानी कुमारी सिंह, नीतू राउत, काजल कुमारी और राखी पातर शामिल रहीं। तीसरे स्थान पर कनारी हिल समूह रहा, जिसमें स्वीटी चौबे, पूजा चौबे, पूर्णिमा सामंता, खुशी महतो और स्वस्तिका सिंह ने भाग लिया। सभी विजेता प्रतिभागियों को शीघ्र ही प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।
संत नंदलाल स्मृति विद्या मंदिर में भी मनाई गई आंबेडकर जयंती
इसी अवसर पर घाटशिला स्थित संत नंदलाल स्मृति विद्या मंदिर में भी डॉ. आंबेडकर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रबंधन समिति और शिक्षकों द्वारा डॉ. आंबेडकर की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर की गई इस दौरान दयानंद सदन के कॉयर ग्रुप ने सरस्वती वंदना और गुरु वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसने सभी का मन मोह लिया। कक्षा छठवीं के छात्र सिद्धार्थ महतो ने सुविचार प्रस्तुत किया, जबकि छात्रा साईकृष्णा बिसई ने डॉ. आंबेडकर के जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों पर प्रभावशाली भाषण देकर उपस्थित लोगों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन छात्रा अनुष्का पॉल ने किया। आयोजन को सफल बनाने में दयानंद सदन के प्रभारी शिक्षक सुरोजित चटर्जी और सुदीपतो घोष की अहम भूमिका रही। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।



