Jamshedpur (Jharkhand) : भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) की जमशेदपुर महानगर इकाई ने शनिवार को झारखंड सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन साकची स्थित पार्क गोलचक्कर पर किया गया। विरोध का कारण “अटल क्लिनिक” का नाम बदलकर “मदर टेरेसा क्लिनिक” किए जाने का निर्णय था, जिसे कार्यकर्ताओं ने जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ और राष्ट्रनायक अटल बिहारी वाजपेयी का अपमान बताया।
‘अटल’ का नाम हटाना तुष्टिकरण की चरम सीमा : भाजयुमो
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजयुमो जिला अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा ने कहा, “हेमंत सोरेन सरकार तुष्टिकरण की राजनीति के तहत भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान नेता के नाम पर स्थापित संस्थानों के नाम बदल रही है। यह न सिर्फ हमारे राष्ट्रीय गौरव का अपमान है बल्कि झारखंड की जनता की भावना का भी निरादर है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि राज्य सरकार ने यह निर्णय वापस नहीं लिया तो युवा मोर्चा और भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर जोरदार जनआंदोलन शुरू करेंगे।
विरोध में जुटे भाजपा नेता और कार्यकर्ता, सरकार को दी चेतावनी
इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा और युवा मोर्चा के कई वरिष्ठ नेताओं एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने एकजुट होकर सरकार के इस फैसले को “जनविरोधी और राष्ट्रनायक का अपमान” बताया। इस दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश मंत्री धर्मेंद्र प्रसाद, भाजयुमो प्रदेश मंत्री सोनू ठाकुर, शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. राजीव कुमार, भाजयुमो पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष निशांत कुमार, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जटा शंकर पाण्डेय, ओबीसी मोर्चा जिला प्रभारी सुजीत वर्मा, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष सागर राय, भाजपा के वरिष्ठ नेता गौतम प्रसाद, भाजयुमो कोल्हान प्रभारी अमिताभ सेनापति समेत अन्य नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
सभी नेताओं ने एक स्वर में राज्य सरकार को चेतावनी दी कि जनता के विश्वास और अटल जी के सम्मान के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान की लड़ाई में भाजपा एकजुट
विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “अटल जी अमर रहें”, “तुष्टिकरण नहीं सहेंगे” और “हेमंत सरकार होश में आओ” जैसे नारे लगाकर माहौल को गरमा दिया। भाजयुमो ने साफ किया कि यह सिर्फ एक नाम बदलने की बात नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रवाद की भावना और सार्वजनिक स्मृति का अपमान है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फैसला वापस नहीं लिया गया तो होगा बड़ा आंदोलन : भाजयुमो की चेतावनी
युवा मोर्चा ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि “अटल क्लिनिक” का नाम बहाल नहीं किया गया तो पार्टी कार्यकर्ता राज्यभर में उग्र जनआंदोलन करेंगे और हेमंत सरकार को सड़कों पर घेरेंगे। प्रदर्शन का समापन पुतला दहन के साथ हुआ जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। अटल क्लिनिक का नाम बदलने पर भाजयुमो ने CM हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर विरोध किया