11 वर्षों की सेवा, सुशासन और समर्पण को समर्पित होगी प्रदर्शनी

चैंबर भवन में प्रबुद्ध नागरिकों संग सीधा संवाद भी करेंगे प्रदेश अध्यक्ष

Jamshedpur (Jharkhand) :
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को जनमानस के बीच पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर की ओर से एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन गुरुवार को सुबह 10 बजे साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में होगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री बाबूलाल मरांडी करेंगे।

प्रदर्शनी में दिखेगा विकास का सफर
भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने जानकारी दी कि यह प्रदर्शनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, विरासत और विकास यात्रा पर आधारित होगी।
यह प्रदर्शनी विशेष रूप से उन नागरिकों को केंद्र सरकार की योजनाओं से रूबरू कराएगी जो पिछले एक दशक में भारत में हुए परिवर्तन को नजदीक से देखना चाहते हैं।
बिष्टुपुर में प्रोफेशनल मीट, शहर के बुद्धिजीवियों से संवाद
प्रदर्शनी के बाद सुबह 11 बजे, बाबूलाल मरांडी बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन में आयोजित प्रोफेशनल मीट में हिस्सा लेंगे।
इस बैठक में वे शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, उद्योगपतियों, शिक्षाविदों और विभिन्न पेशेवर वर्गों के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद करेंगे।
इस दौरान वे उन्हें केंद्र सरकार की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों से अवगत कराएंगे और उनसे सुझाव भी लेंगे।
पूरी तैयारियां पूरी, कार्यकर्ताओं में उत्साह
भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बताया कि इस पूरे कार्यक्रम को लेकर पार्टी की ओर से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी बुधवार देर रात जमशेदपुर पहुंचेंगे और पूरे कार्यक्रम में शामिल होंगे।
ओझा ने शहरवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और केंद्र सरकार की विकास गाथा को प्रत्यक्ष रूप से देखें और समझें।