Kapali Laptop Theft: अलकबीर पॉलिटेक्निक के छात्र को बनाया गया निशाना, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
Kapali Laptop Theft: कपाली/सरायकेला-खरसावां। कपाली ओपी क्षेत्र के अंतर्गत स्थित अलवारिस लॉज में बेखौफ चोरों ने बीती रात एक छात्र के कमरे को अपना निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। अज्ञात चोर छात्र के कमरे से कीमती लैपटॉप, बैग, एटीएम कार्ड और कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक दस्तावेज चुराकर फरार हो गए। इस घटना के बाद से स्थानीय छात्रों और लॉज में रहने वाले अन्य युवाओं के बीच असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है।
Kapali Laptop Theft: सोते वक्त कमरे में घुसे चोर, सुबह हुआ चोरी का खुलासा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र मुस्ताक अंसारी अलकबीर पॉलिटेक्निक का छात्र है और उक्त लॉज में रहकर अपनी पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार की देर रात जब छात्र अपने कमरे में गहरी नींद में सो रहा था, तभी मौका पाकर अज्ञात चोर चुपचाप कमरे के अंदर दाखिल हो गए।
चोरों ने कमरे में रखे छात्र के लैपटॉप, जरूरी कागजात और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया और आसानी से चलते बने। शनिवार की सुबह जब छात्र की नींद खुली और उसने कमरा व्यवस्थित नहीं पाया, तब उसे चोरी होने की जानकारी मिली। इसके तुरंत बाद छात्र ने इसकी सूचना लॉज के संचालक और अन्य लोगों को दी।
Kapali Laptop Theft: सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ संदिग्ध, पुलिस कर रही तलाश
घटना की सूचना मिलने पर लॉज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज की जांच करने पर एक संदिग्ध युवक हाथ में सामान और बैग लेकर लॉज से बाहर निकलता हुआ स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही कपाली ओपी थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और उसके आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के जरिए आरोपी की सुरागकशी की जा रही है तथा जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर चोरी गया लैपटॉप और दस्तावेज बरामद कर लिए जाएंगे।
also read:Bodam Road Accident: बोड़ाम में बैरिकेडिंग से टकराई अनियंत्रित बाइक, तरणी कर्मकार की मौके पर ही मौत


