Jharkhand Heavy Rain : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता दिखाई दे रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों के लिए 8 अगस्त तक भारी बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान ने खासकर किसानों के चेहरे पर उम्मीद की नई किरण जगा दी है। पर्याप्त बारिश होने पर धान की रोपाई में तेजी आने की संभावना है, जिससे खरीफ फसलों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
Jharkhand Heavy Rain: आठ अगस्त तक येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के विभिन्न हिस्सों में अगले चार दिनों तक रुक-रुककर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। कई जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने तथा मौसम संबंधी आधिकारिक सलाह का पालन करने की अपील की है।
मंगलवार को राजधानी रांची सहित कई इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे। हालांकि कई स्थानों पर बारिश नहीं होने से उमस बनी रही। रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान सापेक्ष आर्द्रता 95 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे लोगों को काफी असहज मौसम का सामना करना पड़ा।
Jharkhand Heavy Rain: किसानों को मिलेगी राहत
इस बार जुलाई में हुई अच्छी बारिश के कारण अधिकांश किसानों ने धान के बिचड़े पहले ही तैयार कर लिए हैं। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित होता है तो राज्यभर में धान की रोपाई तेज गति से आगे बढ़ेगी और अगस्त के अंत तक अधिकांश क्षेत्रों में रोपाई का कार्य पूरा हो सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार लगातार और संतुलित वर्षा केवल धान ही नहीं, बल्कि मक्का, दलहन और अन्य खरीफ फसलों के लिए भी लाभकारी साबित होगी। इससे सिंचाई पर निर्भरता कम होगी और उत्पादन बढ़ने की संभावना भी मजबूत होगी।
राज्य में कहां कितनी बारिश और तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 175.2 मिलीमीटर वर्षा गोड्डा में दर्ज की गई। वहीं बहरागोड़ा में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रमुख शहरों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान
- रांची : 29.2° / 23.4° सेल्सियस
- जमशेदपुर : 35.3° / 26.2° सेल्सियस
- डाल्टनगंज : 32.6° / 26.3° सेल्सियस
- बोकारो : 33.2° / 26.5° सेल्सियस
- चाईबासा : 35.0° / 24.8° सेल्सियस
सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों, विशेषकर किसानों और खुले क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों से मौसम के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि तेज बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा अनावश्यक रूप से खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें। यदि अगले कुछ दिनों में अनुमान के अनुरूप वर्षा होती है तो इससे झारखंड की कृषि गतिविधियों को नई गति मिलने के साथ जलाशयों और भूजल स्तर में भी सुधार की संभावना है।
इसे भी पढ़ें : Godda Jitpur Mining Project: जितपुर प्रोजेक्ट के तीन युवाओं को टाटा मोटर्स में प्रशिक्षण का अवसर


