Jharkhand Weather Update : झारखंड में मानसून अब धीरे-धीरे सामान्य स्थिति की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार राज्य में बारिश की लगातार घट रही है। जून महीने में जहां सामान्य से वर्षा का विचलन (डेफिसिट) 45 प्रतिशत था, वहीं अब यह घटकर 25 प्रतिशत रह गया है। इसे मानसून की स्थिति में सकारात्मक सुधार माना जा रहा है।
30 जुलाई तक 372.6 मिमी बारिश दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से 30 जुलाई के बीच राज्य में सामान्य रूप से 499.3 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 372.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। हालांकि अभी भी सामान्य से कम बारिश हुई है, लेकिन पिछले कुछ दिनों में हुई अच्छी वर्षा से स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है।
तांतनगर में सबसे अधिक बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर में सर्वाधिक 37.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं अधिकतम तापमान सरायकेला में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के कांके में 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
रांची में धूप-उमस का असर
गुरुवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ हो गया और बीच-बीच में धूप निकलने से लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। रांची में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 32.1 और न्यूनतम 25.7 डिग्री, डाल्टनगंज में 32.2 और 24.9 डिग्री, बोकारो में 31.2 और 25.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 33.4 और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसे भी पढ़ें : JPSC Exam Scam : एजेंसी ने अपने लोगों को दिलाई सरकारी नौकरी : बाबूलाल


