Jamshedpur Congress News : मेयर सुधा गुप्ता की अपील के बाद महिला कांग्रेस ने विधायक सरयू राय के खिलाफ प्रस्तावित आंदोलन वापस ले लिया है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष नलिनी सिन्हा ने प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि मेयर की भावनात्मक अपील और पहल को देखते हुए संगठन ने विवाद को आगे नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया है।
मेयर ने कहा- विधायक बुजुर्ग, अभिभावक समान
नलिनी सिन्हा के अनुसार, धरना प्रदर्शन के बाद विधायक सरयू राय की ओर से मेयर सुधा गुप्ता के श्रृंगार को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर महिला कांग्रेस ने आपत्ति जताई थी। संगठन का कहना था कि यह टिप्पणी न केवल मेयर के लिए आपत्तिजनक थी, बल्कि महिला नेतृत्व का प्रतिनिधित्व करने वाली सभी महिलाओं के सम्मान से भी जुड़ा मामला है।
विधानसभा अध्यक्ष और महिला आयोग तक मामला ले जाने की थी तैयारी
महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि संगठन ने इस मामले को झारखंड विधानसभा अध्यक्ष और राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष उठाने का निर्णय लिया था। इसके अलावा पूरे जमशेदपुर में अभियान चलाने की भी तैयारी थी। हालांकि, मेयर सुधा गुप्ता ने महिला कांग्रेस की नेताओं से मुलाकात कर आंदोलन वापस लेने की अपील की।
सुधा गुप्ता की अपील पर बदला फैसला
नलिनी सिन्हा ने बताया कि मेयर ने कहा कि सरयू राय उम्र में बड़े हैं और अभिभावक के समान हैं। संभव है कि अनजाने में या किसी परिस्थिति में उनसे ऐसी टिप्पणी हो गई हो। इसलिए अब इस विवाद को आगे बढ़ाने के बजाय समाप्त कर देना चाहिए। मेयर की अपील से प्रभावित होकर महिला कांग्रेस ने अपना प्रस्तावित आंदोलन रद्द करने का फैसला किया।
महिला कांग्रेस ने विधायक से की भविष्य में संयम की अपील
महिला कांग्रेस ने आंदोलन वापस लेने के साथ ही विधायक सरयू राय से भविष्य में इस तरह की टिप्पणी से बचने का आग्रह किया। नलिनी सिन्हा ने कहा कि धरना के दौरान मेयर स्वयं प्रदर्शन स्थल पर पहुंची थीं और उन्होंने विधायक को प्रणाम करने के साथ वहां मौजूद लोगों के लिए पानी और लड्डू भी भेजे थे। उन्होंने इसे राजनीतिक शुचिता और संस्कार का उदाहरण बताया।
प्रेस कांफ्रेंस में कई महिला नेता रहीं मौजूद
प्रेस कांफ्रेंस में नलिनी सिन्हा के अलावा शिल्पी चक्रवती, कल्पना सेन, अपर्णा गुहा, रजनी बंसल, रीता शर्मा, श्राबनी भट्टाचार्य, सुनीता तिर्की और कंचन देवी समेत अन्य महिला नेता मौजूद थीं।
इसे भी पढ़ें : Khunti में SIR-2026 का काम पूरा, मतदाता सूची का अगला चरण 5 अगस्त से


