Jamshedpur Dimna Lake Incident : पूर्वी सिंहभूम के बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक (Dimna Lake) में डूबे एमजीएम मेडिकल कॉलेज (MGM Medical College) के दोनों जूनियर डॉक्टरों (Juniour Doctor) के शव शुक्रवार को कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिए गए। पहले डॉ. सक्षम सिंह और कुछ देर बाद डॉ. समीर का शव गोताखोरों ने झील से बाहर निकाला। हादसे के बाद एमजीएम कॉलेज-अस्पताल परिसर में शोक की लहर है।
नाइट ड्यूटी के बाद गए थे डिमना लेक
जानकारी के मुताबिक, जूनियर डॉक्टर समीर, सक्षम सिंह और यश गुरुवार रात नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद शुक्रवार तड़के डिमना लेक पहुंचे थे। तीनों झील के उस हिस्से में चले गए, जहां आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित है। इसी दौरान एक डॉक्टर का मोबाइल पानी में गिर गया। उसे निकालने के प्रयास में तीनों गहरे पानी में उतर गए। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण तीनों मुश्किल में फंस गए। यश किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन समीर और सक्षम सिंह गहरे पानी में डूब गए। यश ने तत्काल पुलिस और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को घटना की जानकारी दी।
घंटों तलाश के बाद मिला शव
सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय गोताखोर और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। घंटों की तलाश के बाद पहले सक्षम सिंह का शव मिला। इसके बाद समीर का शव भी बरामद कर लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सक्षम सिंह पलामू जिले के डाल्टनगंज और समीर जमशेदपुर के काशीडीह क्षेत्र के रहने वाले थे। हादसे में सुरक्षित बचे यश सोनारी निवासी बताए जा रहे हैं। तीनों मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर के तौर पर कार्यरत थे।
डिमना लेक पहुंचे छात्र, डॉक्टर व कर्मचारी
घटना की जानकारी मिलते ही डॉक्टर, मेडिकल छात्र, कर्मचारी और परिजन बड़ी संख्या में डिमना लेक पहुंचे। दोनों डॉक्टरों की मौत से सभी सदमे में हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जांच जारी है। पुलिस प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश और वहां मौजूद सुरक्षा व्यवस्था समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Watch Now : Global Tensions Rising | Is the World Entering a New Era of Conflict?



