- छाताबाद में देर रात चली गोलियां, अवैध कोयला कारोबार को लेकर दो गुट आमने-सामने
Jharkhand: धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद (under Chhatabad) में बुधवार देर रात अवैध कोयला कारोबार में वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। रात करीब एक बजे हुई अंधाधुंध फायरिंग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घटना में दोनों पक्षों के तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।
देर रात गोलियों की आवाज से दहला इलाका
जानकारी के अनुसार छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान के समीप देर रात स्कॉर्पियो सवार कुछ लोग पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने कैलूडीह मस्जिद भवन के पास पहुंचते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दूसरे गुट की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई। दोनों पक्षों के बीच हुई गोलीबारी से पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा। देर रात अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोग घरों में दुबक गए और इलाके में भय का माहौल बन गया।
Dhanbad News: फायरिंग में तीन लोग घायल
घायलों में छाताबाद निवासी मो. तौसिफ, नीतीश कुमार यादव तथा एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मो. तौसिफ के कंधे में गोली लगी है, जबकि नीतीश कुमार यादव की जांघ में गोली लगी। गंभीर रूप से घायल मो. तौसिफ को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर किया गया है। वहीं नीतीश यादव का इलाज निचितपुर स्थित एक निजी क्लीनिक में चल रहा है। तीसरे घायल की स्थिति को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने शुरू की छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही
Ajit Kumar Vimal,
Praveen Kumar तथा
Mohammad Rustam Ansari पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर कई स्थानों पर छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि गोलीबारी में शामिल अपराधियों की पहचान की जा रही है तथा जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Dhanbad News: अवैध कोयला कारोबार बना गैंगवार की वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस इलाके में फायरिंग हुई, उसके आसपास लंबे समय से अवैध कोयला खनन और तस्करी का कारोबार संचालित हो रहा है। चोरी का कोयला साइकिल और बाइक के जरिए लाकर छाताबाद और स्वास्तिक टॉकीज के बीच डंप किया जाता है, जहां से बाद में ट्रकों और अन्य वाहनों के माध्यम से विभिन्न इलाकों में भेजा जाता है। बताया जा रहा है कि इसी अवैध कारोबार में वर्चस्व को लेकर दोनों गुटों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। पिछले वर्ष मार्च में भी इसी तरह की हिंसक घटना में मनोज यादव नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
स्थानीय लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से अवैध कोयला कारोबार, तस्करी और बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गैंगवार और फायरिंग की घटनाओं से आम लोगों में भय का माहौल बन गया है। लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।



