- टाटा मेन अस्पताल में इलाजरत भाजपा नेता बोलीं – जानबूझकर कार को बनाया गया निशाना
Jamshedpur: में इलाजरत पश्चिमी सिंहभूम भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू ने अपने सड़क हादसे को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि उनकी हत्या की साजिश थी। गीता बालमुचू ने आरोप लगाया कि उनकी कार को जानबूझकर निशाना बनाया गया।
अस्पताल में पूर्व मंत्री से साझा की घटना की जानकारी
टाटा मेन अस्पताल में भर्ती गीता बालमुचू से पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उनके साथ कमल राम यादव, कुंज विभार, सुनील सिंह, सदानंद टोपनो, सुबुल प्रमाणीक और अनिल कांडी भी मौजूद रहे। मुलाकात के बाद दुलाल भुईयां ने मीडिया को बताया कि गीता बालमुचू ने उन्हें घटना की पूरी जानकारी दी और इसे हत्या के प्रयास से जुड़ा मामला बताया।
Jharkhand Politics: किसान आंदोलन से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार घटना वाले दिन गीता बालमुचू किसान आंदोलन के कार्यक्रम में शामिल होकर चाईबासा लौट रही थीं। इसी दौरान सिंहपोखरिया के पास एक बड़े वाहन ने संदिग्ध परिस्थिति में उनकी कार को टक्कर मारने का प्रयास किया। बताया गया कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसी दौरान ट्रक और दूसरी कार की टक्कर के कारण उनका वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
“यह सामान्य सड़क हादसा नहीं”
पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने कहा कि पूरी घटना सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं लगती। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की साजिश सामने आती है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष की हर संभव मदद की जाएगी।
Jharkhand Politics: घायल होने के बावजूद दिखाई हिम्मत
दुलाल भुईयां ने बताया कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद गीता बालमुचू ने साहस का परिचय दिया। चेहरे पर गंभीर चोट लगने के बाद उन्होंने खुद गमछे से खून रोकने का प्रयास किया। उन्होंने एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया और पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचीं, जिससे समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच सकी।
सिंहपोखरिया के पास हुआ था भीषण हादसा
गौरतलब है कि गत गुरुवार सिंहपोखरिया के पास हुए हादसे में गीता बालमुचू की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें वाहन से बाहर निकाला। पहले उन्हें चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मेन अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनके चेहरे और शरीर पर आई गंभीर चोटों का इलाज जारी है।



