- सेफ्टी टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से मां, बेटे और चाचा की मौत, एक गंभीर
Hazaribagh: में अवैध महुआ शराब निर्माण से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 24 में जहरीली गैस की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।
सेफ्टी टैंक में उतरते ही बेहोश हुई महिला
स्थानीय लोगों के अनुसार, घर के सेफ्टी टैंक का इस्तेमाल अवैध रूप से महुआ शराब बनाने और रखने के लिए किया जाता था। लंबे समय तक बंद रहने के कारण टैंक के भीतर जहरीली गैस भर गई थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात चमेली देवी टैंक से महुआ शराब निकालने के लिए नीचे उतरी थीं। जैसे ही वह टैंक के अंदर पहुंचीं, जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गईं।
Hazaribagh News: मां को बचाने उतरे बेटा और चाचा भी बने शिकार
जब काफी देर तक चमेली देवी बाहर नहीं निकलीं तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। इसके बाद उनका बेटा रवि साव उन्हें बचाने के लिए टैंक में उतरा, लेकिन वह भी गैस से बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद परिवार के चाचा मदन साव ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए। टैंक के भीतर ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस इतनी खतरनाक थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
एक अन्य सदस्य गंभीर, अस्पताल में इलाज जारी
घटना के दौरान परिवार के अन्य सदस्य असहाय होकर यह मंजर देखते रहे। पत्नी, बेटे और भाई को बचाने की कोशिश में आनंद साव भी गैस से प्रभावित हो गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
Hazaribagh News: पुलिस जांच में जुटी, अवैध शराब निर्माण पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में अवैध महुआ शराब निर्माण को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और अवैध शराब कारोबार पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इलाके में पसरा मातम
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
Also Read: Jharkhand Accident News: तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम



