spot_img
spot_img
Homeउत्तरी छोटानागपुरचतराJharkhand News: डीएमएफटी शासी परिषद की बैठक में 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना...

Related Posts

Jharkhand News: डीएमएफटी शासी परिषद की बैठक में 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना को मिली मंजूरी

  • खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास पर जोर, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की सैकड़ों योजनाओं को स्वीकृति

Chatra: समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में मंगलवार को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) शासी परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त रवि आनंद ने की। बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास को लेकर वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई और विभिन्न जनोपयोगी योजनाओं को मंजूरी दी गई बैठक में चतरा सांसद कालीचरण सिंह, सिमरिया विधायक उज्ज्वल कुमार दास, चतरा विधायक जनार्दन पासवान, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी तथा हजारीबाग प्रतिनिधि रविन्द्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

153 पंचायतों की ग्राम सभाओं से तैयार हुई कार्ययोजना

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के सभी 153 खनन प्रभावित पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कर योजनाओं का चयन और अनुमोदन किया गया। इसके तहत कुल 722 जनोपयोगी योजनाओं पर चर्चा कर उन्हें कार्ययोजना में शामिल किया गया। उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि योजनाओं का चयन स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर किया गया है, ताकि खनन प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सीधे लाभ मिल सके।

Jharkhand News: शिक्षा क्षेत्र में डिजिटल और आधुनिक सुविधाओं पर फोकस

बैठक में शिक्षा क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति दी गई। विद्यालयों में शुद्ध पेयजल, वाटर चिलर, डिजिटल पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला, STEM लैब और वर्चुअल रियलिटी लैब जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित मूल्यांकन प्रणाली, अधिगम अंतर विश्लेषण और भाषा सेतु योजना को भी मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में 1119 विद्यालयों में तड़ित चालक लगाने, 1133 विद्यालयों में रनिंग वाटर के साथ वाटर चिलर स्थापित करने तथा 1114 विद्यालयों में चहारदीवारी निर्माण संबंधी प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई।

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक उपकरणों की स्वीकृति

स्वास्थ्य क्षेत्र में भी कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सदर अस्पताल और विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों के लिए मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, मॉड्यूलर आईसीयू, ऑक्सीजन गैस पाइपलाइन और केंद्रीय स्टेराइल सप्लाई विभाग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।इसके अलावा लैप्रोस्कोपी सेट, फंडस कैमरा, नेत्र सूक्ष्मदर्शी, स्वचालित जैव रसायन विश्लेषक और प्रतिरक्षा परीक्षण विश्लेषक जैसे आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति को भी मंजूरी दी गई।

Jharkhand News: योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने का निर्देश

उपायुक्त रवि आनंद ने संबंधित विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को निर्देश दिया कि स्वीकृत योजनाओं को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जाए, ताकि खनन प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि चयनित योजनाओं की सूची समाहरणालय और प्रखंड मुख्यालयों के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित की जाएगी, जिससे आम नागरिक भी अपने पंचायत में स्वीकृत योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें।

बैठक में मौजूद रहे कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि

बैठक में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी, वन्य प्राणी प्रमंडल हजारीबाग के वन प्रमंडल पदाधिकारी, उत्तरी वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल मीणा, उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, खनन प्रभावित क्षेत्रों के मुखिया और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Also Read: Khunti News: खूंटी के वरिष्ठ समाजसेवी शेखर चंद जैन का निधन, सामाजिक और व्यापारिक जगत में शोक की लहर

Latest Posts