- कोडरमा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिहार ले जाई जा रही थी शराब की खेप
Koderma: जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ (Against Hoarding and Smuggling) चलाए जा रहे अभियान के तहत कोडरमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सतगावां थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक स्कार्पियो वाहन से भारी मात्रा में अवैध बीयर और विदेशी शराब बरामद की है। मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक स्कार्पियो वाहन में अवैध शराब लोड कर सतगावां की ओर से बिहार ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष के निर्देश पर सतगावां थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सतगावां थाना क्षेत्र के नासरगंज चौक के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
Jharkhand News: पुलिस को देखकर भागने लगा चालक
वाहन जांच के दौरान एक सफेद रंग की स्कार्पियो (BR01 HR 9698) तेज रफ्तार में आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन को दाएं-बाएं मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि पुलिस बल की मुस्तैदी और सड़क पर स्लाइडर लगाकर रास्ता अवरुद्ध किए जाने के कारण वाहन को रोक लिया गया।
तलाशी में मिली भारी मात्रा में शराब
पुलिस ने स्कार्पियो वाहन की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में अवैध बीयर और विदेशी शराब बरामद हुई। पूछताछ के दौरान चालक सानिध प्रभाकर, पिता रामनरेश प्रसाद, निवासी इलाहीबाग थाना गोपालपुर, जिला पटना, शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन सहित शराब की खेप को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
Jharkhand News: सतगावां थाना में मामला दर्ज
इस मामले में सतगावां थाना कांड संख्या 43/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे बिहार में किस नेटवर्क के माध्यम से पहुंचाया जाना था।
अवैध कारोबारियों को नहीं बख्शा जाएगा : एसपी
पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार, तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे अवैध धंधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान जारी रहेगा।
Jharkhand News: कार्रवाई में शामिल रही पुलिस टीम
इस अभियान में सतगावां थाना प्रभारी बबलू कुमार, दाउद पावरिया और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Also Read: Jharkhand News: चाकुलिया में हाथियों का आतंक, हमले में सब्जी विक्रेता गंभीर रूप से घायल



