Jharkhand news: देवघर में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को जल्द मिलेगा आशियाना, 10 जून तक गृह प्रवेश की तैयारी तेज

  • रामपुर आवासीय फ्लैटों में जल्द शुरू होगा गृह प्रवेश

Jharkhand: देवघर नगर निगम क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित रामपुर आवासीय फ्लैटों में लाभुकों के गृह प्रवेश की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। नगर निगम प्रशासन ने लक्ष्य तय किया है कि वर्टिकल-3 के अंतर्गत चयनित लाभुकों का गृह प्रवेश हर हाल में 10 जून तक पूरा करा दिया जाए। लंबे समय से लंबित इस परियोजना को लेकर लाभुकों में पहले निराशा और चिंता का माहौल था, लेकिन अब प्रशासनिक सक्रियता के बाद लोगों में उम्मीद की नई किरण दिखाई देने लगी है।

महापौर रवि राउत ने लाभुकों से की मुलाकात

मंगलवार को देवघर के महापौर रवि राउत ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और निम्न आय वर्ग (एलआईजी) के लिए बनाए गए रामपुर फ्लैटों के लाभुकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लाभुकों की समस्याएं सुनीं और नगर निगम अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि गृह प्रवेश प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी जरूरी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि लाभुकों को जल्द उनके घर सौंपे जा सकें।

Jharkhand news: वर्षों की प्रतीक्षा के बाद जगी उम्मीद

लाभुकों ने महापौर के सामने अपनी परेशानियां साझा करते हुए बताया कि इस योजना के तहत घर पाने के लिए उन्होंने अपनी वर्षों की जमा-पूंजी लगा दी है। कुछ लोगों ने अपना पुराना मकान बेचकर पैसे जमा किए, जबकि कई लोगों ने कर्ज लेकर योजना में निवेश किया। हालांकि फ्लैटों का आवंटन और गृह प्रवेश लंबे समय तक लंबित रहने से लोग मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे थे। कई लाभुक लगातार नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे और उन्हें यह डर सताने लगा था कि कहीं उनका घर पाने का सपना अधूरा न रह जाए। अब नगर निगम की सक्रियता और महापौर के आश्वासन के बाद लाभुकों में दोबारा भरोसा कायम हुआ है।

जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक जीवन देने की पहल

महापौर रवि राउत ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल भवन निर्माण परियोजना नहीं है, बल्कि यह जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि नगर निगम लाभुकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।महापौर ने भरोसा दिलाया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर लाभुकों को उनके फ्लैट सौंप दिए जाएंगे।

Jharkhand news: प्रधानमंत्री आवास योजना से बदल रही लोगों की जिंदगी

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के लोगों को सस्ती दर पर सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। देवघर में इस योजना के तहत बनाए गए रामपुर फ्लैट अब सैकड़ों परिवारों के सपनों का आशियाना बनने जा रहे हैं।

Also Read: Jharkhand news: पतरातू से चोरी हुआ टाटा-709 लोहरदगा से बरामद, चालक गिरफ्तार