Chakradharpur: थाना क्षेत्र में पुलिस, श्रम विभाग और जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) District Legal Services Authority की संयुक्त कार्रवाई में मानव तस्करी के एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। शहर स्थित केटू होटल में देर रात छापेमारी कर पुलिस ने 30 महिला-पुरुष मजदूरों और छह नाबालिग बच्चों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। सभी को कथित रूप से बंधुआ मजदूर बनाकर गुजरात ले जाने की तैयारी चल रही थी।
होटल में चल रही थी मजदूरों को गुजरात भेजने की तैयारी
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ मानव तस्कर महिला-पुरुषों और नाबालिग बच्चों को होटल में ठहराकर अवैध तरीके से गुजरात भेजने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही श्रम विभाग, डीएलएसए, चाइल्डलाइन और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया।
संयुक्त टीम ने देर रात की छापेमारी
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में थाना प्रभारी अवधेश कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। देर रात होटल केटू में घेराबंदी कर छापेमारी की गई और वहां मौजूद मजदूरों व बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
Jharkhand crime news: मजदूरों को ले जाने वाली बस भी जब्त
मौके से राजलक्ष्मी ट्रेवल्स की बस संख्या OR 11H 0797 को भी जब्त किया गया। बताया जा रहा है कि इसी बस से मजदूरों और बच्चों को गुजरात ले जाने की तैयारी थी।
छह नाबालिग बच्चों को किया गया रेस्क्यू
रेस्क्यू किए गए लोगों में 30 वयस्क मजदूरों के साथ छह नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें पांच लड़के और एक लड़की है। सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के निर्देश पर सुरक्षित संरक्षण और काउंसलिंग के लिए चाइल्डलाइन चाईबासा को सौंप दिया गया।
Jharkhand crime news: गुजरात के दो मानव तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गुजरात निवासी दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान निकुंज गोविंद बोरसानिया और कादिवर निलेश भाई के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ बीएनएस और बाल श्रम अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक संगठित मानव तस्करी नेटवर्क हो सकता है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार जांच और छापेमारी की जा रही है।



