Jamshedpur: पश्चिम के विधायक (MLA) Saryu Roy ने मानगो नगर निगम से मानगो पेयजल परियोजना की अद्यतन स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और लोगों को नियमित रूप से पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर निगम को लिखा पत्र
विधायक सरयू राय ने रविवार को मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को पत्र लिखकर पेयजल परियोजना की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने और सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई इलाकों में लोगों को पर्याप्त समय तक पानी नहीं मिल रहा है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Jharkhand water supply news: परियोजना क्षेत्र के निरीक्षण में सामने आईं कई खामियां
सरयू राय ने पत्र में बताया कि नवंबर 2024 में दोबारा विधायक निर्वाचित होने के बाद उन्होंने मानगो नगर निगम, जिला प्रशासन और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों के साथ कई बैठकें की थीं। इसके अलावा उन्होंने परियोजना क्षेत्र का निरीक्षण भी किया था। निरीक्षण के दौरान इंटेकवेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और पानी टंकियों की स्थिति काफी खराब पाई गई। उन्होंने कहा कि परियोजना के संचालन में भी कई तकनीकी और प्रशासनिक खामियां मौजूद हैं।
इंटेकवेल में जमा है छह से आठ फीट तक बालू
विधायक ने बताया कि इंटेकवेल में छह से आठ फीट तक बालू जमा हो गया है, जिससे मशीनों के संचालन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बालू हटाने और नदी के जल को गंदगी से बचाने के लिए विधायक निधि से राशि उपलब्ध कराई गई थी। इसके साथ ही जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न क्षमता के मोटर पंप भी खरीदे गए।
Jharkhand water supply news: कई इलाकों में सिर्फ पांच से दस मिनट तक मिल रहा पानी
सरयू राय ने आरोप लगाया कि सभी क्षेत्रों में समानुपातिक जलापूर्ति सुनिश्चित करने पर सहमति बनने के बावजूद इसका सही तरीके से पालन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में केवल पांच से दस मिनट तक ही पानी की सप्लाई हो रही है, जबकि अधिकतर क्षेत्रों में देर रात जलापूर्ति की जा रही है।
परियोजना की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने की मांग
विधायक ने मानगो नगर निगम से पेयजल परियोजना और जलापूर्ति की वर्तमान स्थिति को सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनता को सही जानकारी देना और जल संकट के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।



