- 18.5 लाख छात्रों का इंतजार खत्म, CBSE ने जारी किया 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम
CBSE News: Central Board of Secondary Education (CBSE) ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का बहुप्रतीक्षित रिजल्ट घोषित कर दिया है। इस वर्ष 18.5 लाख से अधिक छात्रों ने परीक्षा में हिस्सा लिया था। छात्र अब अपनी ऑनलाइन मार्कशीट CBSE की आधिकारिक वेबसाइट और DigiLocker के माध्यम से देख सकते हैं। लगातार तीसरे वर्ष बोर्ड ने 13 मई को ही परीक्षा परिणाम जारी करने की परंपरा बरकरार रखी है। इस बार राजस्थान के सीकर की छात्रा Tanya Savansukha ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 में से 499 अंक हासिल कर नया रिकॉर्ड बना दिया है।
अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान और पेंटिंग में मिले पूरे अंक
आर्ट्स स्ट्रीम की छात्रा तान्या ने अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, भूगोल और पेंटिंग में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए, जबकि इतिहास में उन्हें 99 अंक मिले। उन्होंने कुल 99.80 प्रतिशत अंक हासिल कर देशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
साधारण परिवार की बेटी ने हासिल की बड़ी सफलता
सीकर के एक साधारण व्यवसायी परिवार से आने वाली तान्या की इस उपलब्धि से उनके पिता तरुण सावनसुखा और मां विनीता बेहद गौरवान्वित हैं। तान्या ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग को दिया है। उन्होंने भविष्य में IAS अधिकारी बनकर देश सेवा करने की इच्छा जताई है।
90 और 95 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्रों की संख्या
CBSE की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष 94,028 छात्रों ने 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। वहीं 17,113 छात्रों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं। बोर्ड का कहना है कि इस बार भी छात्रों ने शैक्षणिक उत्कृष्टता का उच्च स्तर कायम रखा है।
कुल पास प्रतिशत 85.20 फीसदी दर्ज
CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए कुल 17,80,365 छात्रों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 16,92,794 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 15,07,109 छात्र सफल घोषित किए गए। इस प्रकार कुल पास प्रतिशत 85.20 फीसदी रहा।
केंद्रीय विद्यालयों ने फिर किया शानदार प्रदर्शन
इस वर्ष भी केंद्रीय विद्यालयों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया है। KV का पास प्रतिशत 98.55 फीसदी दर्ज किया गया, जबकि जवाहर नवोदय विद्यालय 98.47 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
प्रमुख स्कूल श्रेणियों का प्रदर्शन
- केंद्रीय विद्यालय (KV) – 98.55%
- जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) – 98.47%
क्षेत्रवार रिजल्ट में त्रिवेंद्रम सबसे आगे
CBSE द्वारा जारी क्षेत्रवार आंकड़ों में त्रिवेंद्रम सबसे आगे रहा।
प्रमुख क्षेत्रों का प्रदर्शन
- त्रिवेंद्रम – 95.62%
- चेन्नई – 93.84%
- बेंगलुरु – 93.19%
- विजयवाड़ा – 92.77%
- दिल्ली पश्चिम – 92.34%
- दिल्ली पूर्व – 91.73%
- अहमदाबाद – 90.60%
- गुरुग्राम – 88.45%
- लुधियाना – 87.92%
- पुणे – 87.32%
- अजमेर – 86.78%
- पंचकूला – 85.73%
- रांची – 85.01%
- गुवाहाटी – 83.41%
- लखनऊ – 82.21%
- भुवनेश्वर – 81.71%
- देहरादून – 81.42%
- रायपुर – 80.88%
- भोपाल – 79.43%
- नोएडा – 79.02%
- पटना – 74.45%
- प्रयागराज – 72.43%
1.63 लाख छात्र कंपार्टमेंट श्रेणी में
CBSE ने बताया कि इस वर्ष 1,63,800 छात्रों को कंपार्टमेंट श्रेणी में रखा गया है, जो कुल परीक्षार्थियों का 9.26 प्रतिशत है। ऐसे छात्रों को सप्लीमेंट्री परीक्षा के माध्यम से एक और अवसर दिया जाएगा।
15 जुलाई को होगी सप्लीमेंट्री परीक्षा
CBSE के अनुसार 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा 15 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। इसमें कंपार्टमेंट और इम्प्रूवमेंट दोनों श्रेणी के छात्र शामिल हो सकेंगे।
इम्प्रूवमेंट कैटेगरी
वे छात्र जो परीक्षा पास कर चुके हैं लेकिन किसी एक विषय में अपने अंक सुधारना चाहते हैं।
2 जून से शुरू होगी LOC जमा करने की प्रक्रिया
CBSE के अनुसार सप्लीमेंट्री परीक्षा के लिए List of Candidates (LOC) जमा करने की प्रक्रिया 2 जून 2026 से शुरू होगी। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि LOC जमा होने के बाद छात्र या विषय संबंधी जानकारी में बदलाव संभव नहीं होगा।
रीचेकिंग और री-इवैल्यूएशन का विकल्प उपलब्ध
जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रीचेकिंग या री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए छात्रों को रोल नंबर, स्कूल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी के जरिए लॉगिन करना होगा। कई मामलों में छात्रों को पहले अपनी उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त करनी होगी।
डिजिटल मार्किंग सिस्टम से जांची गई कॉपियां
CBSE ने इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया में डिजिटल मार्किंग सिस्टम का इस्तेमाल किया है। बोर्ड के अनुसार इससे कॉपियों की जांच में पारदर्शिता और एकरूपता सुनिश्चित हुई है तथा त्रुटियों की संभावना कम हुई है।
इस बार भी जारी नहीं हुई मेरिट लिस्ट
CBSE ने लगातार एक बार फिर कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए टॉपर या मेरिट लिस्ट जारी नहीं की है। बोर्ड का मानना है कि इससे छात्रों के बीच अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा और मानसिक तनाव बढ़ता है। इसी वजह से बोर्ड ने फर्स्ट, सेकेंड और थर्ड डिवीजन प्रणाली को भी समाप्त कर दिया है।
Also Read: Jharkhand Weather Update : झारखंड में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर 15 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी



