- 4.50 करोड़ की लागत से बन रहे बस स्टैंड सह मार्केट कॉम्प्लेक्स में खामियां मिलने पर जताई नाराजगी
Jharkhand: पोटका क्षेत्र में विकास कार्यों की प्रगति को लेकर विधायक संजीव सरदार लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। बुधवार को उन्होंने हाता बिरसा चौक स्थित निर्माणाधीन बस स्टैंड सह मार्केट कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। यह परियोजना झारखंड सरकार पंचायती राज विभाग द्वारा करीब 4.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही है।
निर्माण कार्य का लिया जायजा, दिए जरूरी निर्देश
निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से आकलन किया। मौके पर मौजूद संवेदक हरि ओम कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधि को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कॉम्प्लेक्स में लगभग 40 दुकानों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन कुछ दुकानों में लगाए जा रहे शटर मानक के अनुरूप नहीं पाए गए। इस पर विधायक ने तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया।
छत पर जलजमाव की समस्या पर नाराजगी
निरीक्षण के दौरान भवन की छत पर कुछ स्थानों पर पानी जमा होने की समस्या भी सामने आई। विधायक ने इसे गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता और समयसीमा के अनुसार पूरा होना चाहिए, किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रखंड मुख्यालय में योजनाओं की समीक्षा बैठक
निरीक्षण के बाद विधायक पोटका प्रखंड मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अंचलाधिकारी निकिता बाला और प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान आगामी 14 मई से शुरू होने वाले जनगणना कार्य की भी जानकारी ली गई। साथ ही उन्होंने वहां मौजूद ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
विकास कार्यों में लापरवाही पर सख्त चेतावनी
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी विकास कार्यों को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि अच्छा काम करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा।



