spot_img
spot_img
HomecrimePalamu Road Accident : पलामू में भीषण सड़क हादसा, सांसद प्रतिनिधि के...

Related Posts

Palamu Road Accident : पलामू में भीषण सड़क हादसा, सांसद प्रतिनिधि के इंजीनियर पुत्र की मौत

Palamu Road Accident : पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत गाड़ी गांव के पास नेशनल हाईवे (Natinol Highway) पर शनिवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना हुई। एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार और बुलेट मोटरसाइकिल के बीच सीधी टक्कर में बुलेट सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान जिले के पाटन थाना क्षेत्र के कांके कला निवासी और भाजपा सांसद वीडी राम (BJP MP VD Ram) के स्थानीय प्रतिनिधि ईश्वरी पांडे के पुत्र आकाश पांडे के रूप में हुई है।

ड्यूटी पर जाते समय काल बन कर आई स्कॉर्पियो

जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार सुबह लगभग 8:00 बजे की है। आकाश पांडे पेशे से जूनियर इंजीनियर थे और रेहला स्थित ग्रासिम इंडस्ट्री में कार्यरत थे। वह प्रतिदिन की तरह मेदिनीनगर स्थित अपने आवास से ड्यूटी के लिए बुलेट पर सवार होकर निकले थे। इसी दौरान पड़वा की ओर से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने मेदिनीनगर की तरफ से जा रही उनकी बुलेट को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस की कार्रवाई, घायलों का चल रहा इलाज

हादसे की सूचना मिलते ही पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार सदलबल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आकाश पांडे के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) भेज दिया। दुर्घटना में घायल हुए दो अन्य लोगों को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और दोनों वाहनों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

चार साल पहले हुई थी शादी, परिवार में पसरा मातम

आकाश पांडे की मौत की खबर मिलते ही उनके पैतृक गाँव कांके कला और मेदिनीनगर स्थित आवास पर कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि आकाश की शादी महज 4 साल पहले हुई थी और वह अपने परिवार का एक होनहार सदस्य थे। भाजपा सांसद प्रतिनिधि के पुत्र होने के कारण राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर है।

MMCH पहुंचे भाजपा नेता, व्यक्त की संवेदना

घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भारी संख्या में एमएमसीएच पहुंचे। नेताओं ने शोकाकुल परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और इस अपूर्णीय क्षति पर गहरा दुःख व्यक्त किया। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

इसे भी पढ़ें : Tatanagar Station Two Smugglers Arrested : टाटानगर स्टेशन पर ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार, लाखों का गांजा जब्त

Latest Posts