- देर रात हाथियों का कहर
Koderma: जयनगर प्रखंड में मंगलवार देर रात हाथियों के झुंड ने कहर बरपाते हुए एक बालक सहित दो लोगों की जान ले ली, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
ईंट भट्ठा में युवक की मौत
पहली घटना कंझियाडीह गांव स्थित एक ईंट भट्ठा में हुई, जहां हाथियों ने 30 वर्षीय राजकुमार मांझी को पटककर मार डाला। इस घटना में उनकी पत्नी गौरी देवी घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
दूसरी घटना में बालक की मौत
दूसरी घटना खगराडीह, खोहापहाड़ी के पास एक अन्य ईंट भट्ठा में हुई। यहां हाथियों के झुंड ने 10 वर्षीय अंकुश कुमार को दौड़ाकर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हमले में कारी देवी और दो माह का शिशु दिलकुश कुमार भी घायल हो गए हैं।
परिजनों में मातम, मुआवजा दिया गया
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वन विभाग ने तत्काल राहत के रूप में मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये का मुआवजा प्रदान किया है।
वन विभाग पर लापरवाही के आरोप
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हाथियों को रोकने या भगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे, जिससे इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: Ramgarh Theft Case: शादी में गया था परिवार, चोरों ने घर से लाखों की नकदी और गहने उड़ाए



