• शुभ मुहूर्त में शुरू होगी केदारनाथ यात्रा 2026
Kedarnath Temple Opening 2026 : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट कल यानी बुधवार को प्रातः 08 बजे शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही केदारनाथ यात्रा 2026 का औपचारिक शुभारंभ हो जाएगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी कपाट खुलने को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री धामी करेंगे पूजा-अर्चना में सहभागिता
कपाट उद्घाटन के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं धाम पहुंचकर पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों और विशेष पूजा-अर्चना में भाग लेंगे। बाबा केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली पहले ही धाम पहुंच चुकी है, जिससे धार्मिक माहौल और अधिक भक्तिमय हो गया है।
51 क्विंटल फूलों से सजा केदारनाथ मंदिर
कपाट खुलने से पहले मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है। केदारनाथ मंदिर को इस बार 51 क्विंटल फूलों से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं और बाबा के दर्शन के लिए उत्साह चरम पर है।
यात्रा मार्ग पर व्यापक सुविधाएं, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जिला प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। सड़क मार्गों की मरम्मत कर ली गई है और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है। पैदल यात्रा मार्ग पर पेयजल, शौचालय, आवास और खान-पान की सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। साथ ही, पूरे मार्ग और धाम क्षेत्र में विद्युत एवं सोलर लाइट की व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
हर 2 किलोमीटर पर स्वास्थ्य सुविधा केंद्र
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक दो किलोमीटर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। यहां प्राथमिक उपचार से लेकर आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे यात्रा के दौरान किसी भी स्वास्थ्य समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके।
स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष फोकस
स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक शौचालयों की व्यवस्था की गई है और श्रद्धालुओं के लिए गर्म पानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और निर्बाध यात्रा अनुभव मिल सके।
इसे भी पढ़ें : Ranchi News: न्यायमूर्ति अमिताभ कुमार गुप्ता ने लोकायुक्त पद की शपथ ली, राज्यपाल ने दिलाई शपथ



