- उपायुक्त कार्यालय के सामने धरना
Jamshedpur: रियान की संदिग्ध मौत मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पीड़ित पक्ष ने प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए जल्द न्याय की मांग की।
FIR के बाद भी नहीं हुई गिरफ्तारी
परिजनों के अनुसार, 26 मार्च 2026 को इलाज के दौरान रियान की मौत हुई थी। इसके बाद 27 मार्च को परसुडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में हत्या की गंभीर धारा 103(1) लगाई गई, लेकिन अब तक नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
पीड़ित पिता महमूद आलम ने आरोप लगाया कि वे लगातार पुलिस अधीक्षक कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि नामजद आरोपी—डॉ. बदर और डॉ. अजय प्रसाद—अब भी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
क्षेत्राधिकार पर भी उठे सवाल
परिजनों ने यह भी सवाल उठाया कि घटना और पीड़ित दोनों मानगो क्षेत्र से जुड़े हैं, फिर भी केस परसुडीह थाना में दर्ज किया गया, जो संदेह पैदा करता है।
ज्ञापन सौंपकर दी चेतावनी
धरना के दौरान उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले की सही थाने में जांच की मांग की गई। परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Also Read : BJP Jharkhand Office Duty List: भाजपा प्रदेश कार्यालय में साप्ताहिक ड्यूटी लिस्ट जारी



