- स्टेशन पर चोरी की घटना का खुलासा
Jamshedpur: टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है।
आरोपी रंगे हाथ पकड़ा गया
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय मनीष सिंह के रूप में हुई है, जो कीताडीह क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भीड़ का फायदा उठाकर की चोरी
जानकारी के अनुसार, ओडिशा के बारीपदा निवासी भवानी शंकर सिंह रविवार रात टाटानगर स्टेशन के टिकट काउंटर पर टिकट ले रहे थे। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी ने उनका मोबाइल फोन चोरी कर लिया। पीड़ित ने तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई।
CCTV फुटेज से मिली बड़ी सफलता
शिकायत मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और सरकारी रेल पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर जांच शुरू की। टीम ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी की गतिविधियां स्पष्ट रूप से नजर आईं। इसी आधार पर उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
मोबाइल बरामद, आगे की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किया गया मोबाइल बरामद कर पीड़ित को वापस सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी गिरोह से जुड़ा है या पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहा है।
Also Read : Tatanagar Train Cancelled: टाटानगर से चलने वाली कई ट्रेनें रद्द, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी



