- सड़क हादसे में मासूम की मौत
Chaibasa Road Accident : पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंडिसाधर गांव में गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 5 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
दुकान से सामान लेने गया था बच्चा
मृतक की पहचान कृष्ण पाड़िया (5) के रूप में हुई है। उसके पिता कुंदन पाड़िया ने बताया कि कृष्ण घर के पास स्थित दुकान से खाने-पीने का सामान लेने गया था। इसी दौरान कुमारडुंगी से बलांडिया की ओर जा रही तेज रफ्तार सफेद कार ने विपरीत दिशा से आकर उसे जोरदार टक्कर मार दी।
ग्रामीणों ने रोकने की कोशिश की, फिर भी भाग निकला चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक मौके से भागने लगा। गांव के एक युवक ने साहस दिखाते हुए अपनी साइकिल कार के आगे लगाकर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने साइकिल को टक्कर मार दी और धनसारी की ओर फरार हो गया
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजन और ग्रामीण घायल बच्चे को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारडुंगी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेजा गया।
हाल ही में हुआ था स्कूल में नामांकन
पिता कुंदन पाड़िया ने बताया कि कृष्ण का इसी माह आदित्यपुर के गम्हरिया स्थित एक निजी विद्यालय में नामांकन कराया गया था और वह पढ़ाई को लेकर बेहद उत्साहित था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील चौधरी अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
Also Read : Jamshedpur News: सुवर्णरेखा नदी से लापता युवक का शव बरामद, सिदगोड़ा इलाके में सनसनी



