Jharkhand Heat Wave Yellow Alert : झारखंड में मानसून पूर्व की बारिश का राहत भरा दौर अब खत्म हो चुका है और सूरज ने अपनी तपिश दिखानी शुरू कर दी है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने राज्य के मौसम को लेकर एक महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, आगामी 17 अप्रैल को झारखंड के 12 जिलों में भीषण लू (Heat Wave) चलने की प्रबल संभावना है, जिसे देखते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
इन 12 जिलों पर मंडरा रहा है लू का खतरा
मौसम विभाग ने जिन जिलों को चेतावनी के दायरे में रखा है, उनमें कोल्हान और पलामू प्रमंडल समेत मध्य झारखंड के प्रमुख जिले शामिल हैं। अलर्ट वाले जिलों की सूची में पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा), सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, चतरा, गढ़वा, पलामू और लातेहार शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 17 अप्रैल को गर्म हवाओं के थपेड़े जनजीवन को प्रभावित कर सकते हैं।
डाल्टनगंज सबसे गर्म, रांची में भी चढ़ा पारा
पिछले कुछ दिनों से आसमान साफ रहने के कारण तापमान में बेतहाशा बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सोमवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो 40 डिग्री के बेहद करीब है। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री, बोकारो में 38.1 डिग्री और चाईबासा में 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रांची में भी गर्मी का असर बढ़ रहा है, जहाँ अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके उलट, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
बारिश की विदाई के साथ तापमान में भारी उछाल
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुई गर्जना और बारिश के चलते अधिकतम तापमान में करीब 9 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आई थी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली थी। हालांकि, पिछले तीन-चार दिनों से मौसम पूरी तरह शुष्क और साफ है, जिसकी वजह से पारा एक बार फिर तेजी से ऊपर की ओर भाग रहा है। सोमवार को राजधानी रांची समेत कोल्हान प्रमंडल में दोपहर के समय तेज धूप के कारण लोग बेहाल नजर आए और राहत के लिए शीतल पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखे।
मौसम विभाग की एडवायजरी, दोपहर में निकलने से बचें
बढ़ती गर्मी और 17 अप्रैल को लू की संभावना को देखते हुए मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि लू के दौरान लोग अनावश्यक रूप से दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलें। धूप से बचाव के लिए सूती कपड़े पहनें, सिर ढंककर रखें और चश्मे व छाते का प्रयोग करें। साथ ही, शरीर में पानी की कमी न होने दें और प्यास न लगने पर भी पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस या घर के बने तरल पदार्थों का सेवन करते रहें।



