spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरअरका जैन यूनिवर्सिटी में हैक होराइजन 2.0 का शंखनाद, हैकाथॉन के महाकुंभ...

Related Posts

अरका जैन यूनिवर्सिटी में हैक होराइजन 2.0 का शंखनाद, हैकाथॉन के महाकुंभ में जुटे देशभर के लगभग 800 टेक-जीनियस

  • जमशेदपुर-सरायकेला बनेगा ‘सिलिकॉन वैली’, गूंजेंगे कोडिंग के शब्द, भविष्य के टेक लीडर्स के बीच कड़ा मुकाबला

अरका जैन यूनिवर्सिटी के कंप्यूटर साइंस एंड आईटी विभाग की ओर से आयोजित राष्ट्र स्तरीय हैकाथॉन Hack Horizon 2.0 का शुक्रवार को भव्य समारोह के साथ उद्घाटन हुआ। विश्वविद्यालय का यह एक बड़ा और महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें जमशेदपुर व सरायकेला ‘सिलिकॉन वैली’ की तरह कोडिंग के शब्द गूंजने लगे हैं और भविष्य के टेक लीडर्स के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। प्रतिभागी वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान ढूंढ रहे हैं।

बता दें कि यह दो दिवसीय कार्यक्रम 11 अप्रैल 2026 (शनिवार) तक चलेगा। कार्यक्रम का आयोजन गुगल डेवलपर ग्रुप्स (ऑन कैंपस एजेयू), आईबीएम, कोड कंप्यूटर सोसाइटी और इंस्टीट्यूशन इनोवेशंस काउंसिल (IIC) के सहयोग से किया जा रहा है। यह कार्यक्रम अरडेंट (Ardent) की ओर से प्रायोजित है।

अरका जैन यूनिवर्सिटी की ओर से आयोजित हैक होरइजन 2.0 का मुख्य उद्देश्य छात्रों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि उनमें वास्तविक जीवन की चुनौतियों के लिए अत्याधुनिक तकनीकी समाधान विकसित हो सके। इससे उनमें नवाचार, समस्या-समाधान की क्षमता और टीम वर्क को बढ़ावा मिलेगा

हैक होरइजन 2.0 के उद्घाटन समारोह में अरका जैन यूनिवर्सिटी के बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) एस.एस. रज़ी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए नवाचार-आधारित शिक्षा के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे हैकाथॉन युवा मस्तिष्कों को भविष्य के तकनीकी लीडर और उद्यमी बनने के लिए तैयार करते हैं।

अरका जैन यूनिवर्सिटी के प्रोवाइस चांसलर डॉ. अंगद तिवारी ने अपने संबोधन में तकनीकी शिक्षा में व्यावहारिक अनुभव की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को इस प्रकार के आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर अरका जैन यूनिवर्सिटी के निदेशक सह रजिस्ट्रार डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव की उपस्थिति ने कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों की हौसलाअफजाई की। कार्यक्रम का संयोजन यूनिवर्सिटी के डॉ. अरविंद कुमार पांडे और डॉ. अश्विनी कुमार कर रहे हैं। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने में वे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से बताया गया है कि हैक होरइजन 2.0 को देशभर से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। इसमें देश भर से आए लगभग 800 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जो विभिन्न प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह कार्यक्रम प्रतिभागियों को एक विविध और प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान कर रहा है।

यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से उम्मीद जताई गई है कि यह आयोजन नवीन प्रोटोटाइप और तकनीकी समाधान विकसित करने में सहायक होगा। साथ ही प्रतिभागियों के तकनीकी कौशल, टीम वर्क और इंडस्ट्री रेडीनेस को भी सशक्त बनाएगा। उद्घाटन समारोह के समापन पर यूनिवर्सिटी की समन्वयक प्रो. ममता वी. ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, सहयोगियों, प्रायोजकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Latest Posts