• नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हुआ हादसा, सुरक्षा बलों में शोक
Chaibasa Saranda Cobra Jawan Death : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। अचानक आए आंधी-तूफान में पेड़ गिरने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कोबरा बटालियन के जवान राकेश कुमार की मौत हो गई। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों में शोक की लहर फैल गई है।
तेज आंधी-तूफान बना हादसे की वजह
अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा बल इस क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। मंगलवार देर रात अभियान के दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। उसी दौरान बाबू डेरा कैंप के पास तेज हवा के कारण एक विशाल पेड़ गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से जवान राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया, अस्पताल में मौत
घटना के तुरंत बाद साथी जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायल जवान को प्राथमिक उपचार दिया। हालत गंभीर होने पर बुधवार तड़के हेलीकॉप्टर के माध्यम से रांची एयरलिफ्ट किया गया। हालांकि, रांची के एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नक्सल विरोधी अभियान जारी रहेगा
सीआरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के बावजूद नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की परिस्थितियों में ऑपरेशन चलाना चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्व निभा रहे हैं।
औरंगाबाद भेजा जाएगा पार्थिव शरीर
शहीद जवान राकेश कुमार मूल रूप से पड़ोसी राज्य बिहार के औरंगाबाद जिले के रहने वाले थे। सीआरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि उनके पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव भेजने की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur CTC Ranchi Constable Death: जादूगोड़ा ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षु जवान की मौत, देर रात तक हंगामा



