- तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से किसान की मौके पर ही गई जान
चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय घनश्याम सिंह कुंटिया की मौत हो गई। यह हादसा बूता गांव के टोला डांगौरपी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी।
टमाटर बेचकर लौट रहे थे घर
बुधवार को मृतक के भतीजे सुखलाल सिंह कुंटिया ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि घनश्याम सिंह कुंटिया प्रतिदिन की तरह मंगलवार को भी चाईबासा बाजार से टमाटर बेचकर घर लौट रहे थे। वह अपनी साइकिल के साथ एक लड़की के साथ पैदल अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बताया गया कि बाइक पर दो पुरुष और एक महिला सवार थे।
हादसा इतना भीषण, मौके पर ही मौत
टक्कर इतनी तेज थी कि घनश्याम सिंह कुंटिया गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने शोर मचाया और तुरंत परिजनों को सूचना दी।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें टोटो के माध्यम से सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि घनश्याम सिंह कुंटिया एक साधारण किसान थे और खेती-बाड़ी के साथ-साथ टमाटर बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पांच बच्चे हैं, जिनमें चार बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Also Read : Khunti theft news : खूंटी कचहरी परिसर में चोरी, तीन दुकानों से हजारों रुपये नगद ले उड़े चोर



