- जेल गेट के पास वारदात, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
Khunti theft news : झारखंड के खूंटी कचहरी परिसर में चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार रात चोरों ने परिसर स्थित तीन दुकानों का ताला तोड़कर हजारों रुपये नगद चोरी कर ली और फरार हो गए। चौंकाने वाली बात यह है कि जहां यह घटना हुई, उसके ठीक बगल में जिला जेल स्थित है और सभी दुकानें जेल गेट से महज कुछ ही दूरी पर हैं। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में चोरी की घटना ने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है।
केवल नगदी पर हाथ साफ, अन्य सामान सुरक्षित
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के समय दुकानों के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सीधे कैश काउंटर को निशाना बनाया। दुकानों से किसी अन्य सामान की चोरी नहीं की गई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि चोर पहले से ही योजना बनाकर आए थे और उनका लक्ष्य केवल नगदी था।
दुकानदारों की मेहनत पर फिरा पानी
घटना से प्रभावित दुकानदार सुधीर सिंह ने बताया कि उन्होंने बड़ी मेहनत से लगभग ढाई हजार रुपये जमा किए थे, ताकि बच्चों के लिए स्कूल ड्रेस खरीद सकें। लेकिन चोरों ने उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया। वहीं दूसरे दुकानदार प्रमोद तोपनो ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कैश काउंटर से करीब साढ़े पांच हजार रुपये गायब थे, जबकि अन्य सामान सुरक्षित था। इसी तरह एक अन्य दुकान ‘कुंडू जेरॉक्स’ से भी लगभग ढाई हजार रुपये नगद चोरी कर लिए गए।
पुलिस जांच में जुटी, आसपास के सुराग खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही खूंटी पुलिस की टीम बुधवार को मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है। स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



